आरोपियों ने प्री-प्लानिंग कर रात में की चोरी की वारदात, ट्रेलर इंजन से डाला जोड़कर पहुंचाया रायपुर
रायगढ़- थाना कोतवाली पुलिस ने सीएमओ तिराहा से चोरी हुए ट्रेलर डाला के पेचीदा मामले का 10 दिनों के भीतर सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए 3 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है. एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में रायगढ़ पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों पर नकेल कसने और चोरी गए माल की बरामदगी के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे है.
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने पहले क्षेत्र की रेकी कर वारदात की पूरी योजना बनाई और 27 जुलाई की देर रात करीब 2:30 बजे चोरी की वारदात को अंजाम दिया. चोरी के डाला को अपने ट्रेलर के इंजन से जोड़कर रायपुर ले जाया गया, जहां उसे 4 लाख 30 हजार में बेच दिया गया. पुलिस ने करीब 10 दिनों तक लगातार मेहनत करते हुए 300 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले और आरोपियों तक पहुंच बनाई. पुलिस ने चोरी गया डाला एवं इंजन सहित करीब 13 लाख का मशरूका, वारदात में प्रयुक्त करीब 8 लाख कीमत की कार तथा आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त किए हैं.
प्रकरण में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर पुलिस ने जसविन्दर सिंह उर्फ राहुल, पिता कलवन्त सिंह, उम्र 26 वर्ष, निवासी बोइरदादर, मां बिहार कॉलोनी, चक्रधरनगर रायगढ़, पवनदीप सिंह, पिता अवतार सिंह, उम्र 32 वर्ष, निवासी भगवानपुर रायगढ़, थाना कोतरारोड़, संदीप कुमार खत्री, पिता अशोक कुमार खत्री, उम्र 29 वर्ष, निवासी मंगलूडीपा रायगढ़, थाना कोतरारोड़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है.


