असली नंबर प्लेट हटाकर लगाया था फर्जी नंबर, हाईवे पर खड़े ट्रेलरों को बनाते थे निशाना
रायगढ़- हाईवे पर खड़े ट्रेलर एवं भारी वाहनों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का जूटमिल पुलिस ने खुलासा किया है. मामले की शुरुआत 3 फरवरी 2026 को हुई, जब अमलीभौना स्थित एचपी पेट्रोल पंप के सामने एनएच-49 किनारे एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिली थी. वाहन का चालक और उसमें सवार लोग मौके से फरार थे. जूटमिल पुलिस ने स्कॉर्पियो की तलाशी ली तो अंदर 10 लीटर डीजल से भरी प्लास्टिक जरिकेन, करीब 2 मीटर लंबा प्लास्टिक पाइप, दोनों तरफ नुकीला लोहे का सब्बल, दो मोबाइल तथा अलग-अलग रजिस्ट्रेशन नंबर वाली नंबर प्लेट मिलीं. संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने वाहन एवं सामान को जब्त कर जांच शुरू की.
मुख्य आरोपी पहले से जेल में, फरार दो आरोपियों की तलाश जारी
मुख्य आरोपी पुरुषोत्तम यादव पिता भुजबल यादव उम्र 48 वर्ष ग्राम बगडबरी थाना बलौदा जिला जांजगीर चांपा के विरुद्ध कोरबा जिला के अलग-अलग थानों में पाँच प्रकरण चोरी एवं अन्य धाराओ में प्रकरण पंजीबद्ध होना पाया गया है. वर्तमान में वह थाना सिरगिट्टी, बिलासपुर के अपराध क्रमांक 368/2026 धारा 303(2), 111, 309(4), 3(5) बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट सहित अन्य प्रकरणों में 26 जून 2026 से केंद्रीय जेल बिलासपुर में निरुद्ध है. जूटमिल पुलिस ने न्यायालय से उसकी औपचारिक गिरफ्तारी की अनुमति प्राप्त कर प्रोडक्शन वारंट हासिल किया है. आरोपी को बिलासपुर केंद्रीय जेल से रायगढ़ लाकर पूछताछ की जाएगी. वहीं गिरोह के फरार सदस्य शिव कुमार रजक एवं कुलदीप साण्डे की तलाश जारी है.
मामले में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर जूटमिल पुलिस ने सुनील कुमार केवट, उम्र 30 वर्ष, निवासी खम्हरिया, थाना हरदीबाजार, जिला कोरबा तथा संदीप कुमार डहरिया, उम्र 34 वर्ष, निवासी बिरगहनी, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा को विधिवत गिरफ्तार कर 12 अगस्त 2026 को न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को रिमांड पर भेजा गया. प्रकरण में थाना जूटमिल में अपराध क्रमांक 46/2026 धारा 336(3), 338, 340(2), 287 बीएनएस एवं 3/7 ईसी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध है.


