चित्रकला व निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को मिले मेडल और सर्टिफिकेट
भिलाई- ‘माय भारत दुर्ग’ (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) द्वारा 1 से 15 अगस्त तक देशभर में चलाए जा रहे स्वच्छता पखवाड़ा के तहत दुर्ग जिले के तीनों विकासखंडों में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है. इसी कड़ी में जिला युवा अधिकारी क्षितिज के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रामनगर, भिलाई में चित्रकला, निबंध प्रतियोगिता और स्वच्छता शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया.

आयोजित प्रतियोगिता में स्कूल के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. निबंध प्रतियोगिता के जरिए विद्यार्थियों ने स्वच्छता विषय पर अपने महत्वपूर्ण विचार साझा किए.
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शाला विकास समिति के अध्यक्ष भुनेश्वर विश्वकर्मा, सदस्य प्रेमन लाल साहू, हाई स्कूल प्राचार्य पी.स्मिता राव आदि उपस्थित रहकर चित्रकला और पोस्टर प्रतियोगिताओ में विजेता प्रतिभागियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया.

अतिथिगणों ने स्वच्छता शपथ दिलाकर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी ने कहा था— “स्वच्छता ईश्वर की भक्ति के समान है.” आज हम सभी को सिर्फ अपने घर और आसपास की गलियों को साफ रखने की जरूरत नहीं हैं बल्कि हमें अपने, स्कूल, कॉलेज, सड़क, गार्डन और पब्लिक पैलेस व अपने शरीर के साथ आचरण को भी स्वच्छ रखने की जरूरत हैं और अन्य लोगों तक भी स्वच्छता के संदेश को फैलाने की जरूरत हैं क्योंकि छोटी-छोटी आदतें ही बड़े बदलाव लाती हैं. अगर भारत का हर एक बच्चा यह तय कर ले कि “न मैं गंदगी करूँगा, न किसी को करने दूंगा”, तो हमारे देश को स्वच्छ भारत और स्वस्थ भारत बनने से कोई रोक नहीं सकता.
स्कूल प्राचार्य ने की पहल की सराहना
प्राचार्य पी.स्मिता राव ने इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए मेरा युवा भारत दुर्ग की टीम को बधाई देते हुए कहा की स्वच्छता जागरूकता के लिए ऐसा आयोजन होते रहना चाहिए ताकि बच्चे आसानी से स्वच्छता के प्रति प्रेरित हो सके और भविष्य में भी ऐसा आयोजन करने के लिए आमंत्रित किए.
कार्यक्रम में मेरा युवा भारत के एम.वाय.वी योगेश कुमार साहू व स्वयंसेवक कुशल कुमार, साहिल कुमार, धनराज साहू सहित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रामनगर का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.


