भिलाई में सनसनीखेज वारदात, PG में घुसकर छात्रा की चाकू मारकर निर्मम हत्या

दुर्ग- जिले के भिलाई शहर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. वैशाली नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत रामनगर स्थित एक पेइंग गेस्ट (PG) में रहकर पढ़ाई करने वाली 20 वर्षीय युवती की अज्ञात आरोपी ने चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी. मृतिका की पहचान बेमेतरा जिले की रहने वाली खुशी साहू के रूप में हुई है. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है.
जानकारी के मुताबिक, मृतिका खुशी साहू भिलाई के रामनगर स्थित एक पीजी में अपनी सहेली के साथ रहकर पढ़ाई करती थी. अपने खर्चों को पूरा करने के लिए वह पढ़ाई के साथ-साथ वैशाली नगर के ही ‘फ्रेंड्स कैफे’ में काम भी करती थी. शुक्रवार को जब उसकी सहेली नहाने के लिए वॉशरूम गई हुई थी, तभी अज्ञात हमलावर कमरे में दाखिल हुआ और खुशी पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. जब सहेली नहाकर कमरे में वापस लौटी, तो उसने खुशी को बिस्तर पर खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा. उसने तुरंत मकान मालिक को इस बात की सूचना दी. मकान मालिक और आस-पास के लोगों ने आनन-फानन में खुशी को गंभीर हालत में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही वैशाली नगर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतिका के परिजनों को सूचित कर दिया गया है. वैशाली नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है.
