दोस्ती की आड़ में किया छल, सस्ते दाम में जमीन दिलाने के नाम पर 3.50 लाख की ठगी

राजनांदगांव- सस्ते दाम में जमीन दिलाने का झांसा देकर साढ़े तीन लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर आरोपी को बसंतपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के पास से ठगी की रकम से खरीदी गई एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया है. आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी तरुण निषाद, निवासी ग्राम धामनसरा, पुलिस चौकी सुरगी ने थाना बसंतपुर, जिला राजनांदगांव ने थाना बसंतपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वर्ष 2021 में आरोपी दुर्गेश यादव अपने मौसा के घर ग्राम धामनसरा में जमीन की खरीद-फरोख्त का कार्य करता था. इसी दौरान दोनों के बीच परिचय एवं मित्रता हुई.
आरोपी ने अपने मोबाइल में जमीन की तस्वीरें दिखाकर प्रार्थी को सस्ते दाम में जमीन दिलाने का झांसा दिया तथा जमीन की कीमत 3,50,000 रूपये बताई. आरोपी ने विभिन्न किश्तों में फोन के माध्यम से कुल 3,50,000 रूपये प्राप्त कर लिए, लेकिन न तो जमीन दिलाई और न ही रकम वापस की. इस प्रकार आरोपी ने छलपूर्वक प्रार्थी से 3.50 लाख रूपये की धोखाधड़ी की. प्रकरण में थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 301/2026, धारा 420 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई.
आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उसे जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी क्षेत्र से हिरासत में लिया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया. आरोपी की निशानदेही पर धोखाधड़ी की रकम से खरीदी गई एसपी-125 मोटरसाइकिल (क्रमांक CG-08-AY-3881) एवं ओप्पो कंपनी का एक मोबाइल फोन जब्त किया गया. आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा दिया गया.
