बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी पर कांग्रेस का फूटा गुस्सा, कुसमी में प्रेस वार्ता कर केंद्र सरकार को घेरा
बलरामपुर रामानुजगंज- बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर कांग्रेस पार्टी ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. कुसमी में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा. नेताओं का कहना है कि आज देश की आम जनता महंगाई की चौतरफा मार झेल रही है. रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल और बिजली की बढ़ी कीमतों ने आम आदमी का बजट बिगाड़ दिया है, वहीं देश के युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं. इस प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से कांग्रेस के जिला प्रभारी जे.पी. श्रीवास्तव, जिला अध्यक्ष हरिहर यादव और पूर्व विधायक प्रीतम राम सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिला प्रभारी जे.पी. श्रीवास्तव ने कहा कि खाने-पीने की चीजों से लेकर घरेलू गैस सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं. इसका सीधा असर गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर पड़ रहा है, जिससे लोगों के सामने अपनी दैनिक जरूरतें पूरी करने का संकट खड़ा हो गया है वहीं जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरिहर यादव और पूर्व विधायक प्रीतम राम ने रोजगार के मुद्दे पर सरकार को आड़े हाथों लिया. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार देने के अपने वादों में पूरी तरह नाकाम रही है. सरकारी विभागों में लाखों पद खाली पड़े हैं, लेकिन भर्ती प्रक्रियाओं को जानबूझकर धीमा किया गया है. कांग्रेस नेताओं ने साफ चेतावनी दी है कि केंद्र सरकार जनता के मूलभूत मुद्दों से ध्यान भटकाना बंद करे, नहीं तो कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर सड़क से लेकर सदन तक उग्र आंदोलन करेगी.
