फोन पर बातचीत और मिलने का दबाव, मना करने पर घर पहुंचकर की छेड़छाड़, आरोपी गिरफ्तार
राजनांदगांव- थाना बसंतपुर पुलिस ने छेड़छाड़, अश्लील गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने वाले एक आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है. पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है.
फोन पर बनाता था मिलने का दबाव, घर पहुंचकर की छेड़छाड़
थाना बसंतपुर से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि पठानपारा निवासी आरोपी अशद कुरैशी उसे लगातार फोन कर बातचीत करने और मिलने का दबाव बनाकर परेशान कर रहा था. बीते 12 जून 2026 की शाम लगभग 05:00 बजे आरोपी अचानक प्रार्थिया के घर के सामने पहुंच गया. फोन पर बात न करने और मिलने न आने की बात को लेकर आरोपी अश्लील गाली-गलौज करने लगा. जब प्रार्थिया ने विरोध किया, तो आरोपी ने उसकी बेइज्जती करने की नियत से उसका हाथ और बांह पकड़कर छेड़छाड़ की, साथ ही प्रार्थिया के भाइयों को जान से मारने की धमकी भी दी.
पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए बसंतपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ तत्काल अपराध क्रमांक 283/2026 धारा 74, 296 एवं 351(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बसंतपुर पुलिस द्वारा तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया गया. पुलिस टीम ने आरोपी के निवास और संभावित ठिकानों पर दबिश दी और घटना के महज 3 घंटे के भीतर ही आरोपी अशद कुरैशी को हिरासत में ले लिया गया. पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर आरोपी को जेल दाखिल कर दिया गया है.
