पूर्व में बलवा और धोखाधड़ी के मामले में जेल जा चुका आरोपी कोण्डागांव पुलिस के हत्थे चढ़ा
कोण्डागांव- बेरोजगार युवाओं को नौकरी का झांसा देकर लाखों रुपये ऐंठने वाले एक आदतन अपराधी को कोण्डागांव पुलिस और सायबर सेल की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है. थाना कोण्डागांव से मिली जानकारी के अनुसार, गिरोला निवासी प्रार्थी अभिराम सोरी (जो पेशे से किसान हैं) ने 13 जून 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई.
वर्ष 2017 में पटवारी भर्ती के नाम पर लिया था झांसे में
प्रार्थी ने बताया कि वर्ष 2017 में निकली पटवारी भर्ती परीक्षा में उसने फॉर्म भरा था. इसी दौरान उसकी पूर्व परिचित ग्राम बफना निवासी आरोपी रितेश पटेल से मुलाकात हुई. आरोपी रितेश ने ऊंची पहुंच का हवाला देते हुए पटवारी पद पर पक्की नौकरी लगवा देने का दावा किया और झांसे में लेकर प्रार्थी से 06 लाख 50 हजार रुपये ऐंठ लिए.
न नौकरी मिली, न पैसे
पैसे लेने के बाद आरोपी रितेश पटेल लगातार टालमटोल करता रहा. जब प्रार्थी को ठगी का अहसास हुई तो उसने अपनी रकम वापस मांगी, लेकिन आरोपी ने पैसे लौटाने से साफ मना कर दिया. प्रार्थी की शिकायत पर कोण्डागांव पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 188/2026 धारा 420 भादवि (IPC) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामला विवेचना में लिया.
मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए कोण्डागांव पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देशानुसार, एडिशनल एसपी कपील चन्द्रा व एसडीओपी रूपेश कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस और सायबर सेल की एक विशेष टीम गठित की गई. टीम ने तुरंत जाल बिछाकर आरोपी रितेश पटेल को उसके निवास ग्राम बफना में घेराबंदी कर दबोच लिया. कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद 14 जून 2026 को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है.
पूर्व में बलवा और धोखाधड़ी के मामले में जेल जा चुका आरोपी
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी रितेश पटेल एक आदतन अपराधी है. इससे पहले भी थाना कोण्डागांव में उसके खिलाफ ठगी, बलवा (दंगा) और अन्य प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत मामले दर्ज हो चुके हैं और वह पहले भी जेल की हवा खा चुका है.
गिरफ्तार आरोपी
रितेश पटेल, पिता का नाम: धरम कौशिक,उम्र: 35 वर्ष, निवासी: ग्राम बफना, थाना व जिला कोण्डागांव (छ.ग.)
