आधा दर्जन से अधिक मामलों का हुआ खुलासा
बालोद- जिले में लगातार हो रही डीजल चोरी की घटनाओं बालोद पुलिस कार्रवाई की है. पुलिस ने ट्रकों की टंकी तोड़कर पाइप के माध्यम से डीजल उड़ाने वाले एक शातिर अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान घेराबंदी कर दो आरोपियों को दबोचा जबकि उनका एक साथी फरार हो गया. आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल होने वाली तीन लग्जरी गाड़ियां, मोबाइल फोन और भारी मात्रा में चोरी का डीजल जब्त किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में लगातार खड़े ट्रकों से डीजल चोरी की शिकायतें लगातार मिल रही थीं, जिसे पुलिस ने गंभीरता से लिया. हाल ही में ग्राम नेवारीखुर्द में खड़े ट्रकों से लगभग 560 लीटर डीजल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस द्वारा एक विशेष टीम का गठन किया गया और तकनीकी साक्ष्यों व मुखबिरों को एक्टिव किया गया. जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने झलमला के पास नाकेबंदी की. इसी दौरान एक संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया. पुलिस को देखकर वाहन में सवार आरोपी भागने लगे, जिन्हें मुस्तैद पुलिस टीम ने पीछा कर धर दबोचा. कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने कबूल किया कि वे रात के अंधेरे में हाईवे और गांवों में खड़े ट्रकों की टंकी का लॉक तोड़कर पाइप से डीजल चोरी करते थे और उसे भिलाई ले जाकर बेच देते थे. आरोपियों के कब्जे से 490 लीटर डीजल, वाहन एवं अन्य सामग्री जप्त की गई है. गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है तथा अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
आधा दर्जन से अधिक मामलों का हुआ खुलासा, 5.51 लाख का माल जब्त
गिरोह के पकड़े जाने से बालोद जिले के विभिन्न थानों में दर्ज कुल 6 बड़े मामलों का खुलासा हुआ है. इनमें थाना बालोद के अपराध क्रमांक 159/2026, 268/2026, 269/2026, 278/2026, 279/2026 और थाना अर्जुन्दा का अपराध क्रमांक 52/2026 शामिल हैं.
कार्रवाई में निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, सउनि देवकुमार कोर्राम, प्रधान आरक्षक हरिशंकर सिन्हा, आरक्षक जितेन्द्र कुमार सिन्हा, आरक्षक संजय सोनी, आरक्षक मोहन कोकिला, आरक्षक बनवाली साहू, सायबर सेल प्रभारी धरम भुआर्य, प्रधान आरक्षक विवेक शाही, आरक्षक संदीप यादव, आरक्षक राहुल मनहरे, आरक्षक आकाश सोनी, आरक्षक आकाश दुबे, आरक्षक पुरन देवांगन, आरक्षक विपिन गुप्ता, आरक्षक गुलजारी साहू, आरक्षक भोपसिंह साहू का सराहनीय योगदान रहा.
