क्रिकेट सट्टा संचालन और हवाला नेटवर्क में निभा रहा था सक्रिय भूमिका
रायगढ़- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत सायबर सेल और रायगढ़ पुलिस की टीम ने करण चौधरी गैंग के नेटवर्क से जुड़े और लंबे समय से फरार चल रहे सक्रिय सट्टा संचालक व हवाला कारोबारी आकाश पंसारी को सक्ती से गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी आकाश पंसारी (उम्र 32 वर्ष), निवासी ऑफिसर कॉलोनी, सक्ती, ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा सिंडिकेट और उसके समानांतर चलने वाले हवाला नेटवर्क में बेहद सक्रिय भूमिका निभा रहा था. करण चौधरी गैंग के सीधे संपर्क में था और पैसों के लेन-देन (डिजिटल व कैश ट्रेल) को मैनेज करता था. कोतवाली थाने में दर्ज दो अलग-अलग मामलों में पुलिस को काफी समय से उसकी तलाश थी.
एडिशनल एसपी अनिल सोनी एवं नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना साइबर रायगढ़ की विशेष टीम लगातार इस सिंडिकेट की बारीकी से जांच कर रही थी. पुलिस ने टेक्निकल इनपुट, चैट रिकॉर्ड्स, डिजिटल फुटप्रिंट्स और फाइनेंशियल एनालिसिस (वित्तीय लेन-देन की जांच) के जरिए आरोपी की लोकेशन ट्रेस की. इसके बाद सक्ती में घेराबंदी कर उसे धर दबोचा गया. आरोपी के कब्जे से अपराध में प्रयुक्त एक आईफोन (iPhone) और एक वीवो (Vivo) मोबाइल फोन जब्त किया गया है. “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत अब तक कई बड़े सट्टा खाईवालों को गिरफ्तार किया जा चुका है, वहीं पुलिस कार्रवाई के दबाव में कई आरोपियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण भी किया है. गिरफ्तार आरोपी आकाश पंसारी को भी कोतवाली के दो प्रकरणों में विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश
ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा, हवाला और आर्थिक अपराध से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा.
