तीन मामलों का हुआ खुलासा
धमतरी- धमतरी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस अधीक्षक के कड़े निर्देशन में सायबर सेल और नगरी थाना की संयुक्त टीम ने सूने मकानों को निशाना बनाने वाले एक शातिर संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने मामले में चोरी का माल खपाने और छिपाने वाले कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से करीब 24 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, नगदी और चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है.
मातंगी धाम दर्शन करने गई थी प्रार्थिया
जानकारी के अनुसार जंगलपारा नगरी निवासी प्रार्थिया राधिका साहू ने थाना नगरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 5-6 जून 2026 को वे अपने घर में ताला लगाकर ग्राम जीजामगांव स्थित मातंगी धाम दर्शन करने गई थीं. 8 जून को जब उनके घर काम करने वाली महिला पहुंची, तो उसने पिछला दरवाजा खुला और सामान बिखरा देख प्रार्थिया को सूचना दी. प्रार्थिया ने घर लौटकर देखा कि अज्ञात चोरों ने आलमारी तोड़कर भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवर और नगदी पार कर दी थी. रिपोर्ट पर पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 46/2026 के तहत बीएनएस (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी धमतरी ने तत्काल सायबर थाना और नगरी थाना की एक संयुक्त टीम का गठन किया. एडिशनल एसपी और एसडीओपी की लगातार मॉनिटरिंग में टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और संदेहियों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी. संदेह के आधार पर जब कुछ युवकों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उन्होंने संगठित रूप से रेकी कर लोहे की रॉड से आलमारी तोड़कर चोरी करने की बात कबूल कर ली.
तीन मामलों का हुआ खुलासा
पूछताछ में इस शातिर गिरोह ने नगरी क्षेत्र में दो अन्य वारदातों को भी अंजाम देना स्वीकार किया. जंगलपारा में सूने मकान से लाखों की चोरी. एक अन्य सूने मकान में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण, नगदी और सिक्कों की चोरी. मुख्य आरोपी तामेन्द्र यादव उर्फ सोनू ने मोटरसाइकिल चोरी की घटना भी कबूली, जिसके बाद चोरी की बाइक बरामद की गई.
माल खपाने वाले और मददगार भी गिरफ्तार
पुलिस विवेचना में यह बात सामने आई कि आरोपियों ने चोरी का माल आपस में बांट लिया था. आरोपी पुष्पजीत खरे ने चोरी के कुछ जेवर नोवल जैन को बेच दिए थे. वहीं, आरोपी लक्की गुप्ता ने चोरी का सामान छिपाने के लिए अपनी मां सीमा गुप्ता को दिया था. पुलिस ने चोरी का माल खरीदने और छिपाने के आरोप में इन दोनों को भी सह-आरोपी बनाया है. प्रकरण में अन्य शेष माल की पतासाजी एवं विवेचना जारी है.
गिरफ्तार आरोपी
- तामेन्द्र यादव उर्फ सोनू पिता दूलचंद यादव, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम गजकन्हार, प्राथमिक स्कूल के पीछे, थाना नगरी
- लक्की गुप्ता पिता संतोष गुप्ता, उम्र 19 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 05, जंगलपारा, नगरी
- प्रहलाद नेताम उर्फ राहुल पिता स्वर्गीय राजकुमार नेताम, उम्र 19 वर्ष, निवासी गणेश चौक, खोड़िया तालाब के पास, विध्यवासिनी वार्ड
- हितेश्वर मरकाम उर्फ प्रधान पिता अंजोर सिंह मरकाम, उम्र 23 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 02, जंगलपारा, नगरी
- पुष्पजीत खरे उर्फ जीत्तू पिता किरण खरे, उम्र 18 वर्ष, निवासी गांधी सागर वार्ड क्रमांक 04, नगरी
- भावेश कुमार साहू उर्फ मेलोडी पिता शिव कुमार साहू, उम्र 20 वर्ष, निवासी बुढ़ारावपारा, वार्ड क्रमांक 08, नगरी
- नोवल जैन पिता स्वर्गीय टारजन जैन, उम्र 22 वर्ष, निवासी राजाबाड़ा वार्ड क्रमांक 11,
- सीमा गुप्ता पति संतोष गुप्ता, उम्र 40 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 05, जंगलपारा, नगरी
