3 घंटे में सुलझाई हत्या की गुत्थी
राजनांदगांव- जिले के गौरीनगर इलाके में हुई अब्दुल रकीब की हत्या के मामले को राजनांदगांव पुलिस ने मात्र 3 घंटे के भीतर सुलझा लिया है. नगर पुलिस अधीक्षक के कुशल मार्गदर्शन में चौकी चिखली स्टाफ और सायबर सेल की संयुक्त टीम ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है.
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से मिले सुराग पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 19.05.2026 को घटना की रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया. चिखली चौकी और सायबर सेल की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गौरीनगर, महादेव नगर और अचानकनगर क्षेत्रों में ताबड़तोड़ दबिश दी. इस दौरान तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों से मिली सटीक सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की गई.
पुरानी रंजिश और विवाद बनी हत्या की वजह पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद जब संदेहियों से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया. आरोपियों ने बताया कि मृतक अब्दुल रकीब द्वारा लगातार परेशान किए जाने और पुरानी रंजिश के चलते उन्होंने इस खूनी वारदात को अंजाम दिया.
एक बालिग आरोपी और 4 नाबालिग शामिल इस पूरे हत्याकांड में कुल 5 लोग शामिल पाए गए हैं, जिसमें 01 मुख्य आरोपी और 04 विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) हैं. पुलिस ने मुख्य आरोपी ईशू यादव उर्फ पंछी उर्फ पप्पू (उम्र 18 वर्ष), पिता संतोष यादव, निवासी अचानकनगर (गौरीनगर वार्ड क्रमांक 13, ओपी चिखली) को गिरफ्तार कर लिया है.
गिरफ्तारी के बाद मुख्य आरोपी ईशू यादव को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, वहीं मामले में शामिल अन्य 4 विधि से संघर्षरत बालकों को संरक्षणात्मक अभिरक्षा में भेजा गया है.
