नानी के क्रियाकर्म में आई युवती से दुष्कर्म, आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार
राजनांदगांव- जिले के डोंगरगढ़ अंतर्गत मोहारा चौकी क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. नानी के क्रियाकर्म (अंतिम संस्कार) में शामिल होने आई एक युवती को रिश्ते में मामा (आरोपी पीड़िता को भांजी बोलता था) लगने वाले शख्स ने अपनी हवस का शिकार बना डाला. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है.
नशीला पदार्थ पिलाकर खेत में किया दुष्कर्म
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 17 मई 2026 की है. पीड़िता अपनी स्वर्गीय नानी के क्रियाकर्म में शामिल होने के लिए उनके गांव छपारा आई हुई थी. इसी दौरान गांव के ही आरोपी हरिचंद्र साहू (42 वर्ष), जो रिश्ते में पीड़िता को अपनी भांजी कहता था, ने उसे बहलाया-फुसलाया. आरोपी ने पीड़िता को कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर पिला दी और जब वह सुध-बुध खोने लगी, तो उसे जबरन खेत की तरफ ले गया. वहां आरोपी ने पीड़िता की बेबसी का फायदा उठाते हुए उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी पहुंचा जेल
पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए इस आपबीती की रिपोर्ट डोंगरगढ़ थाने के अंतर्गत मोहारा पुलिस चौकी में दर्ज कराई. महिला सुरक्षा से जुड़े इस मामले की गंभीरता को देखते हुए राजनांदगांव पुलिस अधीक्षक (SP) महोदया ने त्वरित विवेचना कर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए.
गिरफ्तारी और न्यायिक रिमांड
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी (SDOP) डोंगरगढ़ के सीधे मार्गदर्शन में मोहारा चौकी पुलिस ने तत्काल जाल बिछाया. पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी हरिचंद्र साहू पिता बुधराम साहू को तलाश कर हिरासत में लिया. कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया. न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है.
गिरफ्तार आरोपी
हरिचंद्र साहू पिता बुधराम साहू उम्र 42 साल ग्राम छपारा चौकी मोहारा थाना डोंगरगढ़ जिला राजनांदगांव छ.ग.
