कोयलीबेड़ा के जंगलों से भारी मात्रा में हथियार और IED बरामद
अंतागढ़- नक्सल प्रभावित कांकेर जिले में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के तहत एक और कामयाबी मिली है. कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र के मोदेमरका और मिच्चेबेड़ा गांवों के बीच जंगल-पहाड़ी इलाके में चलाए गए सर्चिंग ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों का एक बड़ा डम्प बरामद किया है. तलाशी के दौरान भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक सामग्री और अन्य नक्सल उपयोग की वस्तुएं हाथ लगी हैं, जिनमें से खतरनाक IED को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया है.
16 नवंबर को चलाया गया था संयुक्त अभियान
जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर 2026 को जिला बल, सीमा सुरक्षा बल (BSF) और बम डिस्पोजल स्क्वॉड (BDS) की संयुक्त टीम कोयलीबेड़ा क्षेत्र में सर्चिंग पर निकली थी. इसी दौरान मोदेमरका-मिच्चेबेड़ा के बीच जंगल और पहाड़ी इलाके में संदिग्ध डम्प का पता चला. टीम ने मौके की तलाशी ली तो वहां से एक भरमार बंदूक, लगभग एक किलोग्राम संदिग्ध IED मैकेनिज्म, करीब एक किलोग्राम बारूद (गन पाउडर) और दो डेटोनेटर बरामद हुए.
बीडीएस टीम ने मौके पर ही नष्ट किया
IED बरामद सामग्री में विस्फोटक और संदिग्ध IED मैकेनिज्म शामिल होने के कारण सुरक्षा बलों ने विशेष सतर्कता बरती. बम डिस्पोजल स्क्वॉड की मदद से संदिग्ध विस्फोटक सामग्री को सुरक्षा मानकों के अनुसार घटनास्थल पर ही नष्ट कर दिया गया. वहीं, अन्य बरामद नक्सल सामग्री को जब्त कर लिया गया है.
यह संयुक्त कार्रवाई बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक बद्री नारायण मीणा, बीएसएफ डीआईजी दीपक तिवारी, कांकेर एसपी निखिल राखेचा और बीएसएफ की 40वीं वाहिनी के प्रभारी सेनानी नरेंद्र शर्मा के मार्गदर्शन में की गई.
