अवैध धान खरीदी करने वाला आरोपी यशवंत उर्फ राजू वर्मा गिरफ्तार
फर्जी सूखत दर्शाकर 995.68 क्विंटल धान का गबन
राजनांदगांव- जिले के डोंगरगढ़ ब्लॉक से धान खरीदी में बड़ी धोखाधड़ी और शासकीय संपत्ति के गबन का सनसनीखेज मामला सामने आया है. सेवा सहकारी समिति मोहारा में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान धान खरीदी और परिदान (डिलीवरी) कार्य में लाखों रुपये का घोटाला किया गया है. सहायक खाद्य अधिकारी डोंगरगढ़ की लिखित शिकायत के बाद पुलिस ने शासकीय नियमों के उल्लंघन और धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
कस्टम मिलिंग नीति का उल्लंघन और फर्जी सूखत का खेल
विभागीय ऑनलाइन रिपोर्ट के अनुसार, उपार्जन केंद्र मोहारा में समर्थन मूल्य के अंतर्गत कुल 1,12,831.60 क्विंटल धान की खरीदी दर्ज की गई थी. धान खरीदी की यह प्रक्रिया 15 नवंबर 2025 से 13 मई 2026 तक चली. जब खरीदे गए धान के परिदान (मिलिंग के लिए भेजने) का मिलान किया गया, तो उसमें भारी कमी पाई गई. जांच में खुलासा हुआ कि समिति प्रबंधक प्रभारी संतोष वर्मा, कंप्यूटर ऑपरेटर वेदप्रकाश साहू और एक अनधिकृत खरीदार राजू वर्मा ने मिलकर कस्टम मिलिंग नीति 2025-26 का खुला उल्लंघन किया. इन लोगों ने 995.68 क्विंटल धान को रिकॉर्ड में फर्जी तरीके से ‘सूखत’ दिखाकर गायब कर दिया, जिससे शासन को 30,86,608/- की भारी आर्थिक क्षति पहुंची. पुलिस ने आरोपी के कब्जे एवं निशानदेही पर उसके मकान ग्राम खैरी से अवैध रूप से खरीदी गई 160 कट्टा धान जप्त की गई.
बिना वैध दस्तावेजों के बेची जा रही थी धान, पुलिस की दबिश
जांच के दौरान 13 मई 2026 को यह तथ्य भी सामने आया कि उपार्जन केंद्र से बिना किसी वैध दस्तावेज के धान की अवैध रूप से बिक्री की जा रही थी. खाद्य विभाग की रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए थाना मोहारा में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) धोखाधड़ी, 316(5) अमानत में खयानत/गबन और 3(5) सामान्य आशय के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया.
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी (SDOP) डोंगरगढ़ के कड़े निर्देशन में टीम ने त्वरित कार्रवाई की. पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी यशवंत उर्फ राजू वर्मा को हिरासत में लिया. कड़ी पूछताछ में आरोपी राजू वर्मा ने मोहारा समिति प्रबंधक की मिलीभगत से अवैध रूप से धान खरीदना स्वीकार कर लिया है. पुलिस अब मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है.
गिरफ्तार आरोपी
यशवंत उर्फ राजू वर्मा, पिता देवलाल वर्मा, उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम खैरी, चौकी तुमडीबोड़, थाना लालबाग, जिला राजनांदगांव.
