वृद्ध महिला हत्या कांड का खुलासा, बेटे ने मां की हत्या, बेटी पर भी किया हमला
रायगढ़- पुलिस ने धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम चिकटवानी मुडाडीपा में हुई 70 वर्षीय वृद्ध महिला की हत्या के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी बरामद किया है.
जानकारी के अनुसार, ग्राम चिकटवानी मुडाडीपा निवासी मेरीना लकड़ा अपने घर में खून से लथपथ मृत अवस्था में मिली थीं. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी धरमजयगढ़ राजेश जांगड़े पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. जांच के दौरान मृतिका के सिर, माथे और कान के ऊपर गंभीर चोट के निशान पाए गए.
घटना के दौरान बीच-बचाव करने आई मृतिका की 10 वर्षीय नातिन अगोस्टिना लकड़ा भी गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली. पुलिसकर्मियों एवं ग्रामीणों की मदद से उसे तत्काल उपचार के लिए सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ भेजा गया.
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 140/2026 के तहत धारा 103(1) एवं 109 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की. विवेचना के दौरान मृतिका के बेटे संदीप लकड़ा को गिरफ्तार किया गया. आरोपी की उम्र 37 वर्ष बताई गई है. पूछताछ के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है.
इस मामले पर शशि मोहन सिंह ने कहा कि घरेलू हिंसा और हत्या जैसे अपराधों पर रायगढ़ पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है तथा ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी.
