15 लाख के मशरूका के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार, अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी
राजनांदगांव- जिले के बागनदी थाना एवं साइबर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अंतर्राज्यीय अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश में खपाने ले जाई जा रही 43 पेटी गोवा व्हिस्की अंग्रेजी शराब जब्त की है. पुलिस ने शराब तस्करी में प्रयुक्त लग्जरी विक्टोरियस कार सहित कुल 15 लाख 17 हजार 250 रुपये का मशरूका बरामद किया है. मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है.
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी डोंगरगढ़ के पर्यवेक्षण में अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी दौरान थाना बागनदी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की विक्टोरियस कार क्रमांक CG08 BH 7988 में बड़ी मात्रा में गोवा व्हिस्की अंग्रेजी शराब मध्यप्रदेश में बिक्री के लिए ले जाई जा रही है.
सूचना के आधार पर ग्राम बागनदी चौक में पुलिस द्वारा घेराबंदी कर सघन नाकाबंदी की गई. 14 मई 2026 की रात लगभग 2 बजे संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने बैरिकेड्स तोड़ते हुए पुलिस की अधिकृत स्कॉर्पियो वाहन को टक्कर मार दी और ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जान जोखिम में डालते हुए तेज रफ्तार में भागने लगा.
पुलिस टीम ने पीछा कर वाहन को घेर लिया. भागने के दौरान आरोपी वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में उतर गया, जिसके बाद दोनों आरोपियों को मौके पर पकड़ लिया गया. पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान किशन धीवर (25 वर्ष), निवासी जेवरा सिरसा, जिला दुर्ग तथा करण केंवट (21 वर्ष), निवासी स्मृति नगर चौक, भिलाई, जिला दुर्ग के रूप में बताई.
वाहन की तलाशी लेने पर 43 पेटियों में कुल 2150 नग (387 लीटर) गोवा व्हिस्की अंग्रेजी शराब बरामद हुई. जब्त शराब की अनुमानित कीमत 2 लाख 90 हजार 250 रुपये तथा कार की कीमत लगभग 12 लाख रुपये आंकी गई. कुल जब्ती 15 लाख 17 हजार 250 रुपये की बताई गई है.
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2), 36 आबकारी एक्ट, धारा 281, 132, 324(3), 324(4) बीएनएस एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है.
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि शराब जेवरा सिरसा निवासी गोलू सरदार उर्फ सवेन्दर सिंह के लिए ले जाई जा रही थी, जबकि आमगांव निवासी सोनू द्वारा शराब उपलब्ध कराई गई थी. पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.
गिरफ्तार आरोपी
- किशन धीवर पिता राजकुमार धीवर उम्र 25 साल निवासी वार्ड क्रमंाक 19 शीतला मंदिर के पास ग्राम जेवरा ओपी जेवरा सिरसा थाना पुलगांव जिला दुर्ग छ.ग.
- करण केंवट पिता शैलेश केंवट उम्र 21 वर्ष वार्ड नंबर 02 गौरी होटल के पास स्मृति नगर चौंक भिलाई ओपी स्मृति नगर भिलाई जिला दुर्ग छ.ग.
