अन्य वारदातों में भी शामिल निकला आरोपी, 10 लाख का माल बरामद
रायपुर- रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र स्थित लोधीपारा चौक के लक्ष्य ज्वेलर्स में हुई लाखों रुपए की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. मामले में एक नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात और वारदात में इस्तेमाल दोपहिया वाहन जब्त किया गया है. बरामद सामान की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपए आंकी गई है. पुलिस फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.
पुलिस के अनुसार, दुकान संचालक वंश कुमार मुरपानी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 9 मई की रात दुकान बंद कर घर जाने के बाद 11 मई की सुबह लौटने पर दुकान के शटर के दोनों ताले टूटे मिले. दुकान के अंदर रखे सोने-चांदी के जेवरात, सिक्के और बिस्किट गायब थे.
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने स्वयं मौके का निरीक्षण कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए. इसके बाद 40 सदस्यीय विशेष टीम गठित की गई. जांच के दौरान पुलिस ने 300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और 50 से ज्यादा पुराने चोरी व नकबजनी के आरोपियों की जांच की. तकनीकी विश्लेषण और लगातार निगरानी के आधार पर पुलिस ने घटना के महज 10 घंटे के भीतर एक नाबालिग आरोपी को पकड़ लिया.
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया. आरोपी ने मंदिर हसौद क्षेत्र के हर्ष ज्वेलर्स में चोरी और अभनपुर क्षेत्र में एक ज्वेलरी दुकान में चोरी के प्रयास की बात भी कबूल की है.
पुलिस के मुताबिक मामले में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है. अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद शहर में हुई अन्य बड़ी चोरी की घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है. थाना खम्हारडीह में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
