पुलिस की मुस्तैदी से एसी चोरी गैंग का पर्दाफाश, लाखों का सामान बरामद
रायपुर- रायपुर के थाना मौदहापारा क्षेत्र स्थित छत्तीसगढ़ भाड़ा नियंत्रण अधिकरण कार्यालय परिसर से एसी आउटडोर यूनिट चोरी होने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी का खुलासा कर दिया है. पुलिस ने चोरी की साजिश रचने, वारदात को अंजाम देने और चोरी का माल खरीदने वाले कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2), 317(2), 317(5) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस के अनुसार, कार्यालय परिसर से एसी आउटडोर यूनिट चोरी होने की सूचना मिलने पर तत्काल जांच शुरू की गई. जांच के दौरान रात्रि गश्त अधिकारी से पूछताछ करने पर ज्ञात हुआ कि घटना की रात कार्यालय परिसर के बाहर एक संदिग्ध ऑटो वाहन खड़ा मिला था. पुलिस टीम द्वारा पूछताछ करने पर वहां उपस्थित व्यक्तियों ने कार्यालयीन कार्य एवं गार्ड ड्यूटी का हवाला देकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया था. तथापि रात्रि पेट्रोलिंग पार्टी की सजगता एवं संदेहास्पद गतिविधियों के आधार पर मामले में लगातार निगरानी एवं तकनीकी पतासाजी की गई.
जांच के दौरान कार्यालय परिसर में कार्यरत गार्ड से हिकमत अमली एवं तकनीकी पूछताछ किए जाने पर पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ. पूछताछ में ज्ञात हुआ कि आरोपियों द्वारा सुनसान एवं अवकाश के दिन कार्यालय परिसर में लगे ए.सी. आउटडोर यूनिट चोरी करने की योजना बनाई गई थी. दिनांक 10.05.2026 को आरोपियों ने मिलकर छत्तीसगढ़ भाड़ा नियंत्रण अधिकरण कार्यालय परिसर में लगे कुल 09 नग ए.सी. आउटडोर यूनिट को निकालकर एक ई रिक्शा वाहन में लोड किया और मंगल बाजार क्षेत्र में पुराने ए.सी. की खरीदी-बिक्री करने वाले व्यक्ति को लगभग 1,80,000/- रुपये में बेच दिया. बिक्री से प्राप्त रकम को आरोपियों द्वारा आपस में बांट लिया गया था.
प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों में अरविंद कुमार मुखर्जी उर्फ बंटी पिता अनिल कुमार मुखर्जी उम्र 58 वर्ष निवासी हनुमान मंदिर तहसील कार्यालय के सामने थाना मौदहापारा जिला रायपुर, बशारत हुसैन पिता शाहन शाह हुसैन उम्र 22 वर्ष निवासी विवेकानंद आश्रम के पीछे सतासी मंदिर के पास गली नंबर 11 थाना आजाद चौक जिला रायपुर, मोहम्मद दानिश तंवर पिता शकी मोहम्मद उम्र 23 वर्ष निवासी ईदगाह भाटा कब्रिस्तान के सामने थाना आजाद चौक जिला रायपुर, शाह हुसैन पिता शाहन शाह हुसैन उम्र 24 वर्ष निवासी विवेकानंद आश्रम के पीछे सतासी मंदिर के पास गली नंबर 11 थाना आजाद चौक जिला रायपुर तथा हाशिम हुसैन उर्फ सोनू पिता आसिफ हुसैन उम्र 34 वर्ष निवासी ईदगाह भाटा गली नंबर 13 थाना आजाद चौक जिला रायपुर शामिल हैं.
जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी अरविंद कुमार मुखर्जी उर्फ बंटी द्वारा कार्यालय परिसर एवं भवन की जानकारी उपलब्ध कराते हुए चोरी की योजना तैयार की गई थी. आरोपी बशारत हुसैन, मोहम्मद दानिश तंवर एवं शाह हुसैन द्वारा ए.सी. आउटडोर यूनिट को निकालकर वाहन में लोड करने, परिवहन एवं बिक्री कराने में सक्रिय भूमिका निभाई गई. वहीं आरोपी हाशिम हुसैन उर्फ सोनू द्वारा चोरी किए गए ए.सी. आउटडोर यूनिट को खरीदकर अपने कब्जे में रखा गया तथा चोरी के माल के क्रय-विक्रय में संलिप्त पाया गया. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सभी 9 एसी आउटडोर यूनिट और नगदी रकम बरामद कर ली है. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.
