300 से अधिक फर्जी और प्री-एक्टिवेटेड सिम कार्ड साइबर अपराधियों को बेचे
रायपुर- पुलिस ने “ऑपरेशन साइबर शील्ड” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी सिम कार्ड नेटवर्क का पर्दाफाश किया है. इस अभियान में वेस्ट बंगाल, दुर्ग, बलौदा बाजार और रायपुर से कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. जांच में सामने आया कि आरोपियों ने 300 से अधिक फर्जी और प्री-एक्टिवेटेड सिम कार्ड साइबर अपराधियों को बेचे, जिनका उपयोग म्यूल बैंक अकाउंट, टेलीग्राम रिव्यू टास्क, ऑनलाइन जॉब फ्रॉड, फेक सोशल मीडिया और शेयर ट्रेडिंग जैसे धोखाधड़ी के मामलों में किया गया.
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा के निर्देशन में चल रही इस कार्रवाई में दो प्रमुख मामलों का खुलासा हुआ है. एक में 20.28 लाख रुपये और दूसरे में 6.42 लाख रुपये की ठगी की गई थी. इन मामलों में इंडसइंड बैंक और साउथ इंडियन बैंक के म्यूल अकाउंट शामिल पाए गए.
प्रकरण 1
थाना माना रायपुर(ग्रामीण) में अपराध क्रमांक 300/25 धारा-317(2), 317(4), 317(5), 3(5) बीएनएस पंजीबद्ध किया गया है. उक्त अपराध में छत्तीसगढ़ एवं अन्य राज्यों के पीड़ितों के साथ 20.28 लाख रुपए की साइबर धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज है, जिसमें इंडसइंड बैंक के म्यूल अकाउंट और मोबाइल सिम संलिप्त हैं.
प्रकरण 2
थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 283/25 धारा-317(2), 317(4), 317(5), 3(5) बीएनएस, पंजीबद्ध किया गया है. उक्त अपराध में छत्तीसगढ़ एवं अन्य राज्यों के पीड़ितों के साथ 6.42 लाख रुपए की साइबर धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज है, जिसमें साउथ इंडियन बैंक के म्यूल अकाउंट और मोबाइल सिम संलिप्त हैं. दोनों अपराध की विवेचना रेंज साइबर थाना रायपुर द्वारा की जा रही है.
विवेचना क्रम में अपराध में संलिप्त मोबाइल सिम की जानकारी संबंधित सिम सेवा प्रदाता कंपनी से प्राप्त की गई. प्राप्त जानकारी के तकनीकी विश्लेषण, पीड़ितों एवं साक्षियों के कथन, पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में प्राप्त तथ्यों के आधार पर फर्जी सिम कार्ड बेचने वाले एवं संवर्धक कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है.
गिरफ्तार आरोपी
1. सुदीप्त सासमल, साहू मोबाइल भनपुरी रायपुर
2. आरोपी शिवनारायण साहू, रुद्रा मोबाइल उरला एवं शिव कृपा मोबाइल बलौदा बाजार
3. जयंत लहरी, लहरी मोबाइल रिसाली दुर्ग
4 .मनीष आहूजा, आहूजा मोबाइल महावीर नगर
5. कैलाश प्रताप सिंह, नेयानी मोबाइल जामुल
मोबाइल के नाम से प्वाइंट ऑफ सेल खोलकर
6. कैलाश प्रताप सिंह, जामुल दुर्ग
7. विनोद वर्मा, पंडरी रायपुर
VI, जियो, एयरटेल के सिम कार्ड बेचने के कार्य करते थे.
गिरफ्तार आरोपियों से प्री एक्टिवेटेड सिम तथा 300 से अधिक सिम जो फ्राड करने में उपयोग किए जा रहे हैं की जानकारी प्राप्त हुई है जिनका विश्लेषण किया जा रहा है.
अपराध का तरीका
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि नया सिम लेने/सिम पोर्ट कराने वाले कस्टमर का डबल थंब स्कैन/आई ब्लिंक कर ई केवाईसी के माध्यम से अतिरिक्त सिम चालू करते थे तथा जिस कस्टमर के पास आधार कार्ड की फिजिकल कॉपी होती थी उसका विवरण स्वयं ही वेरीफाई कर डी केवाईसी के माध्यम से अतिरिक्त सिम चालू करते थे. इन फर्जी सिम को अधिक मूल्य पर अन्य साइबर अपराधियों को बेचते थे, जिन्हें पूर्व में गिरफ्तार किया गया था तथा फर्जी सिम खरीदने वाले दो आरोपी सुधीर जैन और विनोद वर्मा को गिरफ्तार किया गया है.
