अंबिकापुर में दुष्कर्म व हत्या मामले पर टी.एस. सिंहदेव का सरकार पर हमला, बोले- सत्ता तमाशबीन, बेटियाँ असुरक्षित
सरगुजा जिला के अंबिकापुर रिंग रोड स्थित महामाया चौक क्षेत्र में एक युवती के साथ दुष्कर्म और निर्मम हत्या की घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है. इस पर छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने राज्य सरकार पर कड़ा प्रहार किया है.
उन्होंने कहा कि अंबिकापुर आज रो रहा है और हर संवेदनशील आंख शर्म से झुकी हुई है. हमारी अंबिकापुर की एक बेटी के साथ दुष्कर्म और उसकी निर्मम हत्या कर दी गई. ये हैवानियत दिल्ली के निर्भया कांड की तरह दिल दहला देने वाली है. क्रोध भी है, पीड़ा भी है, और एक गहरा सवाल भी – क्या हमारी बेटियाँ अब सड़कों पर भी सुरक्षित नहीं?
उन्होंने कहा कि यह निर्मम अपराध इस सरकार की नाकामी का खुला ऐलान है. जब शहर का सबसे व्यस्त इलाका भी सुरक्षित नहीं, तो यह सरकार आखिर किस बात का शासन चला रही है? यह सरकार नाकाम है – पूरी तरह नाकाम. न कानून का डर, न व्यवस्था की पकड़ – अपराधी खुलेआम दरिंदगी कर रहे हैं और सत्ता सिर्फ तमाशा देख रही है. हमारी अंबिकापुर की बेटी के साथ जो हुआ है, उस पीड़ा को बयां नहीं किया जा सकता. लेकिन यह तय है – इसे भुलाया नहीं जाएगा, इसे दबाया नहीं जाएगा. व्यक्तिगत राय में, ऐसे जघन्य अपराधों के लिए मृत्युदंड दिया जाना चाहिए. मांग साफ है – तुरंत गिरफ्तारी हो, फास्ट ट्रैक सुनवाई हो कर ऐसी सख्त कनूनी सज़ा दी जाए जो मिसाल बने. न्याय में देरी अब बर्दाश्त नहीं होगी – यह हर बेटी की सुरक्षा की लड़ाई है.
