व्हाट्सएप ग्रुप में महिला की फोटो एडिट कर किया वायरल, आरोपी गिरफ्तार
कांकेर – थाना चारामा क्षेत्र में एक महिला की फोटो को एडिट कर आपत्तिजनक रूप में व्हाट्सएप ग्रुप में वायरल करने का मामला सामने आया है. पीड़िता द्वारा 1 अप्रैल 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी.
शिकायत के अनुसार, 31 मार्च 2026 की रात करीब 09:30 बजे एक अज्ञात अपने मोबाइल नंबर द्वारा “ग्राम पंचायत टिकरापारा” नाम से व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया. उक्त ग्रुप में प्रार्थिया के ससुराल पक्ष के रिश्तेदारों को जोड़कर उसकी फोटो को एडिट कर आपत्तिजनक रूप में प्रस्तुत किया गया तथा आपत्तिजनक संदेशों के साथ वायरल किया गया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चारामा पुलिस और साइबर सेल की टीम ने जांच शुरू की. तकनीकी जांच एवं साइबर सेल की सहायता से आरोपी की पहचान प्रवीण कुमार निर्मलकर के रूप में की गई. पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने प्रार्थिया को बदनाम करने के उद्देश्य से फोटो एडिट कर आपत्तिजनक सामग्री वायरल की थी. आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जप्त किया गया.
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 79, 238 और आईटी एक्ट की धारा 67(A) के तहत मामला दर्ज कर 3 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

गिरफ्तार आरोपी
प्रवीण कुमार निर्मलकर, पिता – पवन निर्मलकर, उम्र – 24 वर्ष, निवासी – सिरवे, थाना भखारा, जिला धमतरी (छ.ग.)
