रिसाली : शिवभक्ति एवं आदर्श सेवा भजन मंडली के संयुक्त तत्वाधान मे 21, 22 व 23 जनवरी को मां कल्याणी सांस्कृतिक मंच, मरोदा टैंक रिसाली में त्रिदिवसीय लोककला महोत्सव का इंद्रधनुषी आयोजन किया गया है. महोत्सव में छत्तीसगढ़ अंचल की प्रसिद्ध 16 मंडलियां अपनी विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगी. जिनमें जस झांकी, रामधुनी, पंडवानी, फाग व अन्य लोकमंचीय विधाएं शामिल है.
आयोजन समिति के संयोजक शैलेंद्र शैली ने जानकारी दी कि महोत्सव में छत्तीसगढ़ के दुर्ग सहित राजनांदगांव, बालोद, बेमेतरा, धमतरी व गरियाबंद जिले की प्रसिद्ध मंडलियां शिरकत कर रही हैं. इस त्रिदिवसीय कार्यक्रम में 21 व 22 जनवरी को लोककला दल अलग अलग विधाओं में मंचित होंगी. 23 जनवरी को खुली नृत्य प्रतियोगिता व लोककला सम्मान समारोह तथा रात्रि में जय मां शारदा नवरंग छ.ग. नाचा गम्मत, (माउलीभाठा, ओडिसा) की आकर्षक प्रस्तुति होगी. इस नयनाभिराम प्रस्तुति के प्रतिभागियों को आकर्षक इनाम एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया जायेगा. महोत्सव की ज़ोर-शोर से तैयारियां चल रहीं है.
