पंडरिया नगर पालिका के CMO अमिताभ शर्मा निलंबित, आदेश जारी
कवर्धा- जिले अंतर्गत पंडरिया नगरपालिका के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) अमिताभ शर्मा को निलंबित कर दिया गया है. नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने ये कार्रवाई की है.
जानकारी के अनुसार 14 जनवरी 2026 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी. बैठक में वर्ष 2025-26 के लिए 2025 सितम्बर तक संपत्तियों का नवीन कर निर्धारण (न्यू टैक्स असेसमेंट) पूर्ण करने के निर्देश दिए गए थे. समीक्षा के दौरान पाया गया कि पंडरिया नगरपालिका में निर्धारित समय सीमा तक संपत्तियों का नया कर निर्धारण नहीं किया गया, जिसके चलते राजस्व वसूली लक्ष्य के अनुरूप नहीं हो सकी. विभागीय अधिकारियों ने इसे कार्य के प्रति लापरवाही और उदासीनता माना. राजस्व वसूली में कमी को गंभीरता से लेते हुए संयुक्त संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास, क्षेत्रीय कार्यालय दुर्ग ने सीएमओ अमिताभ शर्मा के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की. आदेश जारी होते ही उन्हें तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया गया.

