छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल से मचा हड़कंप
बिलासपुर- छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद न्यायालय परिसर में हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि हाईकोर्ट प्रशासन को एक अज्ञात ई-मेल के माध्यम से धमकी भरा संदेश भेजा गया, जिसमें परिसर को बम से उड़ाने की बात कही गई थी.
मामले की जानकारी मिलते ही एसएसपी रजनेश सिंह स्वयं टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पूरे हाईकोर्ट परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है. एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर सख्ती बढ़ा दी गई है. संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है. बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने परिसर में सघन जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में कोई विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं होने की जानकारी सामने आई है, हालांकि सुरक्षा के मद्देनजर एहतियातन कदम उठाए गए हैं. न्यायालय में सुनवाई की प्रक्रिया पर भी कुछ समय के लिए प्रभाव पड़ा. फिलहाल, बिलासपुर हाईकोर्ट में सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है. परिसर में सघन जांच, अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और निगरानी बढ़ा दी गई है.
बता दें कि इससे पहले भी प्रदेश के अलग-अलग जिलों के न्यायालयों को इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं. इसमें राजनांदगांव, जांजगीर-चांपा और जगदलपुर जिला कोर्ट शामिल हैं. जिसके बाद वहां भी पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया था. हालंकि बम वाली बात सिर्फ अफवाह निकली थी.
