दो युवकों से ठग लिए चार लाख पैंतीस हजार रुपये
जशपुर – सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार करने में जिला पुलिस को बड़ी सफलता हासिल की है. आरोपी ने खुद को कलेक्ट्रेट का बड़ा अधिकारी बताकर दो युवकों से कुल 4 लाख 35 हजार रुपये की ठगी की थी. पुलिस ने आरोपी को घेराबंदी कर जशपुर के एक होटल से पकड़ा है. पूरा मामला थाना सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्रांतर्गत का है.
जानकारी के अनुसार, मामले का खुलासा तब हुआ जब ग्राम इचकेला निवासी प्रार्थी रोहित खाखा ने थाना सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई. आरोपी प्रदीप पंडा (28 वर्ष) ने रोहित की मां को विश्वास में लिया कि वह कलेक्ट्रेट में बड़ा अफसर है और सुरक्षा गार्ड के पदों पर सीधी भर्ती करवा सकता है. ठग की बातों में आकर रोहित की मां ने पहले 50 हजार रुपये दिए. इसके बाद ज्वाइनिंग लेटर का झांसा देकर आरोपी ने और पैसों की मांग की, जिसके लिए मां ने अपने गाँव की जमीन तक गिरवी रख दी और आरोपी को 1.5 लाख रुपये और दे दिए.
आरोपी का लालच यहीं नहीं रुका. उसने एक और पद खाली होने का झांसा दिया, जिसके बाद ठूठीअंबा निवासी उमेश भगत के परिवार से भी 2 लाख 35 हजार रुपये ऐंठ लिए गए. जब काफी समय बीत जाने के बाद भी नौकरी नहीं मिली और आरोपी टालमटोल करने लगा, तब पीड़ितों को ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने पुलिस की शरण ली.
मामले की गंभीरता को देखते हुए जशपुर पुलिस ने तत्काल BNS की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया.
आरोपी की पहचान: प्रदीप पंडा, निवासी सोडापाठ चौक पुसौर (रायगढ़). पुलिस ने आरोपी के “तथाकथित” ऑफिस (भट्टी रोड) से टेबल, कुर्सी और कंप्यूटर जब्त किए हैं. आरोपी ने स्वीकार किया कि ठगी के पैसों से उसने अपने कर्ज चुकाए और विलासिता की चीजों पर पैसे खर्च किए.
गिरफ्तार आरोपी –
प्रदीप पंडा (उम्र 28 वर्ष) निवासी – सोडापाठ चौक पुसौर, थाना पुसौर, जिला रायगढ़ (छ.ग.)
आमजन से अपील – नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी अज्ञात व्यक्ति को पैसे न दें. संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें.
