कबीरधाम : जिले में शुक्रवार सुबह कुकदूर थाना क्षेत्र पोलमी गांव में एक मारूति इको कार 50 फीट गहरी खाई में गिर गई. कार में कुल 8 लोग सवार थे जिसमें 4 लोगों की मौत हो गई. इनमें 3 महिला और एक पुरुष शामिल है, वहीं 4 अन्य लोग घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. घटना की जानकारी लगते ही कुकदुर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है.
सभी लोग अस्थि विसर्जन करने के लिए प्रयागराज गए थे. प्रयागराज से रायपुर लौटते वक्त यह हादसा हुआ है. कार पोलमी घाट पर करीब 50 फीट नीचे जा गिरी. खाई में गिरी हुई कार को सुबह-सुबह कुछ ग्रामीणों ने देखा और पुलिस को खबर दी थी. मृतकों में फागू यादव (60 वर्ष) निवासी ग्राम कुसमी थाना बेमेतरा, सती बाई (35 वर्ष), निवासी दामाखेड़ा थाना सिमगा, कौशिल्या (70 वर्ष) निवासी कुसमी थाना बेमेतरा, मालती (45 वर्ष) निवासी भनपुरी रायपुर शामिल हैं. फिलहाल मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है और जांच में जुट गई है.
