शराब घोटाले मामले में ACB- EOW की बड़ी कार्रवाई, आबकारी विभाग के पूर्व विशेष सचिव गिरफ्तार
रायपुर- आबकारी घोटाला मामले में ACB- EOWने कार्रवाई करते हुए आबकारी विभाग के पूर्व विशेष सचिव एपी त्रिपाठी को गिरफ्तार किया है. त्रिपाठी के खिलाफ ईओडब्लू में एफआईआर दर्ज हो चुका है. इससे पहले एसीबी/ईओडब्ल्यू अरविंद सिंह और अनवर ढेबर को गिरफ्तार कर चुकी है.
जानकारी के मुताबिक, दो हज़ार करोड़ के शराब घोटाले के मामले में ईओडब्ल्यू ने आबकारी विभाग के विशेष सचिव अरुणपति त्रिपाठी को बिहार से गिरफ्तार किया है, जहां से अब उसे रायपुर लाया जा रहा है. अरुणपति त्रिपाठी को ईओडब्ल्यू ने शराब घोटाले मामले में सिंडिकेट का प्रमुख किरदार माना है.
बता दें कि एपी त्रिपाठी डॉ. रमन सिंह के मुख्यमंत्री रहने के दौरान छत्तीसगढ़ में प्रतिनियुक्ति पर आए थे. उस समय भी इनकी सेवा आबकारी विभाग में ली गई थी. सरकार बदलने के बाद भूपेश बघेल सरकार में एपी त्रिपाठी की रवानगी की चर्चाएं चल रही थी, लेकिन अचानक त्रिपाठी को आबकारी विभाग के नीति नियंता के रूप में विशेष सचिव पद पर बैठा दिया गया.
ACB और EOW ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आबकारी विभाग के छह हजार करोड़ रुपए के शराब घोटाले में प्रदेश के कई जगहों पर छापेमारी की है. गुरुवार की सुबह अफसरों की टीम ने एक साथ घोटाले से जुड़े लोगों के यहां दबिश दी और जांच शुरू कर दी है. इसमें रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बिलासपुर सहित 20 से 22 जगहों पर एक साथ कार्रवाई चल रही है.
बता दें कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने इस मामले में ACB-EOW में केस दर्ज कराया है, जिसके बाद यह छापेमारी की जा रही है. गुरुवार सुबह शराब कारोबारियों पप्पू बंसल और विजय भाटिया के यहां ACB की टीम पहुंची है. पप्पू बंसल न्यू खुर्शीपार में रहते हैं और विजय भाटिया का बंगला नेहरू नगर पूर्व निवास में है. दोनों जगह छापे की कार्रवाई जारी है.
