रायपुर : छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है. रात के साथ ही अब सुबह-सुबह व दोपहर के वक्त भी ठंड बढ़ने लगी है. आज 20 दिसंबर को इस सीजन के सबसे ठण्डे दिन के तौर पर रिकॉर्ड किया गया है. आज की सुबह को इस सीजन के सबसे सर्द सुबह के तौर पर दर्ज किया गया है. मौसम विभाग के मुताबिक़ आने वाले दिनों में कड़ाके की ठण्ड पड़ने के आसार है. अंबिकापुर में तो शीतलहर के हालात बन गए है, साथ ही बस्तर संभाग के भी कुछ क्षेत्रों में शीतलहर के हालात है. मंगलवार को अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम रहा. इसी तरह मैनपाट में 3 डिग्री तक दर्ज किया गया.
वहीं रायपुर में दिन का तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम रहा. मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने वाली है. न्यूनतम तापमान में थोड़ी और गिरावट आ सकती है. जनवरी में तो प्रदेश के और भी कई क्षेत्रों में शीतलहर के हालात बन सकते है.
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि 22 दिसंबर से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हवा में नमी की मात्रा बढ़ेगी. इसके बाद 23 व 24 दिसंबर को प्रदेश में हल्के बादल भी छाए रह सकते है.
