चाचा को भतीजे ने ही लगा दिया चूना, जानें क्या है मामला…
दुर्ग जिले में धोखाधड़ी का बड़ा मामला प्रकाश में आया है. भतीजे ने निवेश के नाम पर अपने ही सगे चाचा-चाची को लाखों का चूना लगाया है. नेवई पुलिस ने चाचा-चाची से ठगी करने वाले भतीजे के पर धोखाधड़ी और अमानत में खायनत का मामला दर्ज किया है. पीड़ित पक्ष ने कोर्ट में गुहार लगाई थी कि उनके भतीजे ने व्यापार में निवेश के नाम पर उनसे करीब 78 लाख रुपए की धोखाधड़ी की है. इसके बाद पुलिस ने एक्शन लिया है. मिली जानकारी के अनुसार इस्पात नगर रिसाली निवासी ध्रुवज्योति रॉय चौधरी और उनकी पत्नी बिना रॉय चौधरी ने न्यायालय में उनके साथ धोखाधड़ी होने शिकायत की थी. न्यायालय ने मामले में पुलिस को शिकायत दर्ज कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. ध्रुवज्योति राय चौधरी ने बताया कि सत्यजीत रॉय चौधरी उनके छोटा भाई है. वो अपनी पत्नी सुमना रॉय चौधरी और बेटे सायंतन के साथ जिला नांदेड, महाराष्ट्र में रहता है.
शिकायतकर्ता ध्रुव ज्योति का सोमनी इंडस्ट्रियल एरिया, जिला राजनांदगाँव में औद्योगिक इकाई है. जहाँ उद्योगों में काम आने वाली मशीनों एवं कल-पुर्जों का निर्माण किया जाता है. इन्हीं कल-पुर्जो के विक्रय से ही शिकायतकर्ताओं का गुजारा होता है. शिकायतकर्ता दो-चार साल में एकाध बार नांदेड़ में अभियुक्तगण के घर जाते रहे हैं तथा उनके मध्य फोन के माध्यम से भी बातचीत होती है. ध्रुव ज्योति रॉय चौधरी को उनके छोटे भाई सत्यजीत रायचौधरी द्वारा कई बार कहा गया कि वह सायन्तन रायचौधरी को अपने साथ रखकर उसका सहयोग अपने काम-धंधे में ले. सत्यजीत ने अपने पुत्र सायन्तन रायचौधरी के बारे में बतलाया कि वह कम्प्यूटर एवं इन्फार्मेशन टेक्नालाजी आदि के क्षेत्र में पारंगत है तथा बाजार की अडाणी ग्रुप जैसी बड़ी कंपनियों में निवेश के संबंध में उसका ज्ञान काफी अच्छा है.
