दुर्ग : मवेशी (गौवंश) तस्करी की घटना आए दिन देखने को मिल रही हैं. ताजा मामला भिलाई टाउनशिप के भट्ठी थाना अंतर्गत सेक्टर 1 में देखने को मिला है. यहां दो युवक बाइक से आए और गाय के बछड़े को बेरहमी से उठाकर बाइक में रखा और फरार हो गए. लोगों ने उनका पीछा भी किया, लेकिन वो पकड़ में नहीं आए.
जानकारी के मुताबिक सेक्टर 1 में क्वार्टर नंबर 16/बी सड़क 2 व 1 के पास मोटर साइकिल सवार दो युवक पहुंचे थे. एक युवक बाइक को स्टार्ट करके रखा हुआ था. पीछे बैठा युवक तेजी से उतरा और गाय के साथ खड़ी बछिया को उठाकर मोटर साइकिल पर रखा और तेजी से भाग गए.
जैसे ही लोगों ने देखा कि दो लोग बछिया को बाइक में रखकर भाग रहे हैं तो उन्होंने उन्हें दौड़ाया. आरोपी इतनी तेजी में थे कि वो पावर हाउस रेलवे अंडरब्रिज के रास्ते से भाग निकले. इस घटना से कुछ समय पहले इन्हीं आरोपियों ने सेक्टर 1 सी मार्केट के पास भी बछिया उठाने की कोशिश की, लेकिन लोगों की नजर पड़ी तो वो वहां से भाग गए.
