भाजपा महिला मोर्चा की आज राजधानी में जन आक्रोश यात्रा, इन मार्गों पर जाने से बचें, निकलने से पहले पढ़ें ट्रैफिक एडवाइजरी
रायपुर- राजधानी में आज नारी शक्ति वंदन अधिनियम बिल गिरने के विरोध में भाजपा आक्रोश रैली निकालेगी. इस दौरान शहर की ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है. ऐसे में यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने ट्रैफिक एडवायजरी जारी की है.
भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने कहा है कि नारी शक्ति वन्दन अधिनियम का विरोध करने पर कांग्रेस व विपक्षी दलों के खिलाफ एक उग्र जन आक्रोश यात्रा 20 अप्रैल को राजधानी में निकाली जाएगी. यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, महिला सांसद त्रय रूपकुमारी चौधरी, कमलेश जांगड़े व लक्ष्मी वर्मा सहित सभी जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी व कार्यकर्ता शिरकत करेंगे. यात्रा अपराह्न 3 बजे बलबीर जुनेजा इनडोर स्टेडियम से निकलेगी और सुभाष स्टेडियम जाएगी, जहाँ सभा रखी गई है.
भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती अवस्थी ने बताया कि जन आक्रोश यात्रा को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष देव ने एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में एक बैठक रविवार को ली.बैठक में प्रदेश महामंत्री त्रय यशवन्त जैन, डॉ. नवीन मार्कण्डेय व अखिलेश सोनी, विधायक सुनील सोनी, रायपुर शहर जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर समेत सभी भाजपा पार्षद व पदाधिकारी उपस्थित रहे. बैठक के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, प्रदेश महामंत्री त्रय यशवन्त जैन, डॉ. नवीन मार्कण्डेय व अखिलेश सोनी, विधायक सुनील सोनी, रायपुर शहर जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर समेत सभी भाजपा पार्षदों व पदाधिकारियों ने सभा स्थल पहुँचकर तैयारियों का जायजा लिया.
भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती अवस्थी ने कहा कि नारी शक्ति वन्दन अधिनियम का विरोध करने पर प्रदेश की मातृशक्ति में गहन आक्रोश है. 20 अप्रैल को प्रदेश में जन आक्रोश महिला पदयात्रा के बाद 23 एवं 24 अप्रैल को प्रदेशभर में जन आक्रोश महिला सम्मेलन रखे जाएंगे. 26 एवं 27 अप्रैल को मंडल स्तर पर पुतला दहन किया जाएगा.
बूढ़ेश्वर चौक से बुढ़ापारा बिजली ऑफिस चौक, महिला थाना चौक होकर सुभाष स्टेडियम तक मार्ग रहेगी बाधित.
नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लोकसभा में पारित नहीं होने देने के विरोध में छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी द्वारा इंडोर स्टेडियम रायपुर में सभा पश्चात आक्रोश रैली के रूप में इन्डोर स्टेडियम से गणेश मंदिर तिराहा, बुढ़ापारा बिजली ऑफिस चौक, महिला थाना चौक होकर सुभाष स्टेडियम तक रैली निकालकर सुभाष स्टेडियम में आम सभा होगा.
इस दौरान निम्नलिखित मार्ग दोपहर 12:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक बाधित रहेगा.
- बुद्धेश्वर चौक से गणेश मंदिर तिराहा होकर बुढ़ापारा बिजली ऑफिस चौक
- श्याम टॉकीज गणेश मंदिर तिराहा से सदानी चौक सदर बाजार
- महिला थाना चौक से सुभाष स्टेडियम
- कोतवाली चौक से सुभाष स्टेडियम
- बंजारी चौक से सुभाष स्टेडियम
- कालीबाड़ी चौक से कोतवाली चौक
- आकाशवाणी चौक कालीमंदिर से नल घर चौक
