दुर्ग : दुर्ग जिले के भिलाई में छठ पूजा के लिए तालाब गए परिवार के सूने मकान में घुसकर चोरों ने लाखों रुपए का सामान पार कर दिया. जब परिवार पूजा कर घर लौटा, तो उन्हें चोरी का पता चला. घर की अलमारियों का ताला टूटा पड़ा था और सामान अस्तव्यस्त थे. परिवार ने तुरंत घटना की सूचना जामुल थाना पुलिस को दी. पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है.
थाना प्रभारी ने बताया कि घटना दुर्गा मंदिर वार्ड-4 आईटी कॉलेज के पास की है. एसीसी जामुल निवासी नागेंद्र सिंह ने मामले की शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने बताया कि वो 20 नवंबर की सुबह 5 बजे वो अपने पूरे परिवार के साथ छठ पूजा कार्यक्रम में शामिल होने हाउसिंग बोर्ड सूर्य कुंड तालाब गए थे. पूजा खत्म होने के बाद साढ़े 8 बजे जब सभी घर लौटे, तो देखा सामने गेट और दरवाजे का ताला टूटा हुआ था.
जब वो अंदर गए तो उनके होश उड़ गए. अलग-अलग कमरे में रखी दोनों अलमारी का ताला टूटा हुआ था और सामान बिखरे पड़े थे. अलमारी में रखे सारे जेवरात भी गायब थे. चोरों ने कई लाख के जेवर और कैश चोरी किए हैं. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुट गई है.
