मुंगेली जिले के लोरमी के एक प्राइवेट अस्पताल में लापरवाही का मामला सामने आया है. जहां ऑपरेशन के दौरान एक गर्भवती की मौत हो गई है. मिली जानकारी के अनुसार मृतका का नाम शारदा राजपूत बताया जा रहा है. महिला के परिजन उसे गुरुवार की देर रात अस्पताल पहुंचे थे. जहां बगैर गायनी और एनेस्थीसिया दिए ही चिकित्सकों ने गर्भवती का ऑपरेशन कर दिया.
मृतका के पति दुर्गेश राजपूत और परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि अस्पताल के लापरवाह स्टाफ ने बिना स्त्री रोग विशेषज्ञ और बेहोशी के डॉक्टर की अनुपस्थिति में ही शारदा की सर्जरी कर दी है. इससे महिला की मौत हो गई. जिसके बाद आज महिला के परिजनों ने अस्पताल में जामकर हंगामा किया और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की.
वहीं मामले की सूचना मिलते ही एसडीएम पार्वती पटेल, बीएमओ डॉ. जीएस दाऊ और एसडीओपी माधुरी दीक्षित पुलिस स्टाफ के साथ अस्पताल पहुंची और कार्रवाई में जुट गई है. लोरमी पुलिस ने हॉस्पिटल के संचालक महेंद्र साहू और स्टाफ जितेंद्र साहू को गिरफ्तार कर लिया.
