रायपुर : विधानसभा चुनाव के पहले छत्तीसगढ़ में वार-पटलवार का दौर जारी है. महादेव सट्टा एप को लेकर एक बार फिर सियासत शुरु हो गई है. सीएम भूपेश बघेल ने महादेव सट्टा एप को लेकर बीजेपी पर बड़ा हमला बोला है. उन्होंने केंद्र सरकार बड़ा आरोप लगाया, उन्होंने कहा केंद्र सरकार ने चुनावी फंडिंग ले लिया होगा इस लिये एप बंद नहीं करवा रही है. उन्होंने बीजेपी के उन आरोपों पर भी पलटवार किया. जिनमें बीजेपी ने आरोप लगाया था कि, महादेव एप के जरिये दाउद और पाकिस्तान का पैसा कांग्रेस को मिल रहा है. इस आरोप को उन्होंने इसे मूर्खता पूर्ण और हास्यपद बताया.
एप बंद करना केंद्र का काम
भूपेश बघेल ने बीजेपी के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि, महादेव एप बंद करने का काम केंद्र सरकार है राज्य सरकार का नहीं. केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि, सरकार महादेव एप क्यों बंद नहीं कर रही है. कहीं चुनावी फंड तो नहीं ले लिया. उन्होंने कहा महादेव एप पूरे देश में चल रहा है. उसमें बीजेपी के लोग ही शामिल हैं. भूपेश बघेल ने कहा, केंद्र सरकार सट्टा एप पर जीएसटी लगाकर पैसा वसूल रही है. ये एप लोगों को बर्बाद कर रहे हैं. लेकिन सरकार खमोश है कोई कार्रवाई नहीं कर रही है. उन्होंने कहा आपके कार्यकर्ता उनके साथ केक काट रहे, पार्टी कर रहे हैं.
अब तक 450 लोगों की गिरफ्तारी
भूपेश बघेल ने चर्चा करते हुए कहा कि, हमारी सरकार ने जितनी कार्रवाई की शायद ही किसी राज्य ने की हो. उन्होंने कहा कि, अब तक इस मामले में 450 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. हमने खुद होकर लुक आउट नोटिस जारी करने लिखी. पुलिस इस मामले में लगातार कार्रवाई कर रही है. उन्होंने केंद्र सवाल करते हुए कहा, हिम्मत है तो इन सवालों का जवाब दे देना… कहीं कोई फंडिंग तो नहीं ले लिया.
गौरव भाटिया ने किया पलटवार
इधर, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में पत्रकार वार्ता में भूपेश सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को सट्टा एप से प्यार है और भ्रष्टाचार से मोहब्बत है. उन्होंने मुख्यमंत्री के सवाल कि केंद्र ने महादेव एप क्यों बंद नहीं किया, पर कहा कि मुख्यमंत्री को अपने संवैधानिक अधिकारों को पढ़ लेना चाहिए. उन्हें अधिकार है कि वह छत्तीसगढ़ में महादेव एप को रोक सकते हैं.
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की गारंटी के जी का मतलब घोटाला है. गांधी परिवार कह रहा जितना समय बचा है लूट लो, कोई लिमिट नहीं है. प्रदेश में कानून-व्यवस्था ध्वस्त है और भूपेश सरकार लूट-खसोट, “परिवार-परिक्रमा” में मस्त है. प्रदेश सरकार यहां के बेरोजगार युवकों को नौकरी तक नहीं दे सकी, यह उसकी बड़ी विफलता है. पीएससी की परीक्षाओं में कांग्रेसियों के बच्चे, मुख्यमंत्री के करीबी के बच्चे होना ही योग्यता का मापदंड है.
गांधी चालीसा पढ़ना छोड़ें : भाटिया
भाटिया ने पीएससी में शिकायत नहीं मिलने पर जांच नहीं होने वाले मुख्यमंत्री बघेल के बयान पर कटाक्ष किया. उन्होंने कहा कि “गांधी चालीसा” पढ़ना छोड़कर संविधान पढ़ें, जिसकी शपथ उन्होंने ली है. संविधान में कहीं नहीं लिखा है कि कार्रवाई करने के लिए शिकायत करना जरूरी है. उन्होंने कहा पीएससी, सहायक शिक्षक,उप निरीक्षक, वह कांग्रेस शासन में हुए सभी भर्ती घोटालो में भाजपा युवाओं को न्याय दिलाएगी. भाटिया ने संविदाकर्मियों के नियमितीकरण, शराबबंदी के वादे, महिला स्व सहायता समूह की कर्जमाफी और फुड पार्क को लेकर राज्य सरकार को घेरा.
