भिलाई : छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है, जिसके बाद प्रशासन सख्त हो गई है. लेकिन दूसरी ओर भिलाई में एक बार फिर असामाजिक तत्वों ने माहौल खराब करने की कोशिश की है. जिले के कैंप क्षेत्र में एक बार फिर बदमाशों ने समाजिक और धार्मिक सौहार्द्र बिगाड़ने की कोशिश की है. भिलाई के कैंप 1 संतोषी पारा इलाके में असामाजिक तत्वों ने भगवान शंकर और पार्वती की मूर्ति को विखंडित कर दिया है. इस घटना के सामने आते ही आसपास के लोगों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है.
मिली जानकारी के अनुसार मामला छावनी थाना क्षेत्र, जहां असमाजिक तत्वों ने नवरात्रि से पहले मां पार्वती की मूर्ति के साथ छेड़छाड़ कर धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने की कोशिश की है. बताया जा रहा है कि बदमाशों ने देवी की मूर्ति को खंडित कर दिया और उनके वस्त्र हटा दिए हैं. वहीं, जब स्थानीय महिलाओं की नजर पड़ी तो उन्होंने देवी को वापस वस्त्र पहनाए और मामले की सूचना पुलिस को दी. मामले की सूचना मिलने ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंची और सीसीटीवी खंगाल रही है.
इससे पहले भी हनुमान जी की मूर्ति को खंडित किया गया था. इसके बाद हिन्दू संगठन और अन्य विशेष समुदाय के बीच विवाद हुआ था. इस बार सन्तोषी पारा में हुई इस घटना के बाद मोहल्ले वासियों ने माता पार्वती की खंडित मूर्ति को कपड़े से ढक दिया है. वहीं अब इलाके में समाजिक धार्मिक माहौल शांत कराने पुलिस ने चार थानों के टीआई और 25 से अधिक जवानों को तैनात किया है.
