कोरबा : कोरबा जिले के खरमोरा इंडस्ट्रियल एरिया के पास सुनसान सड़क किनारे गली में एक एक्टिवा वाहन में असामाजिक तत्वों ने आग लगा दी. इससे गाड़ी धू-धू कर जलने लगी. राहगीरों की नजर जब उस पर पड़ी तो असामाजिक तत्व वहां से भाग निकले. घटना गुरुवार रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है.
मिली जानकारी के अनुसार, कल देर रात सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत खरमोरा बस्ती से लगे सड़क किनारे एक एक्टिवा वाहन में आग लगा दी गई. जब राहगीरों की नजर उस पर पड़ी तो वे मौके पर पहुंचे, जहां देखा कि एक्टिवा वाहन धू-धूकर जल रहा था. लोगों ने रेत और आसपास गड्ढे में रखे पानी से आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते वाहन जलकर खाक हो गया. घटना के बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई. नंबर प्लेट न होने की वजह से वाहन के मालिक का पता नहीं चल पाया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
