दुर्ग : दुर्ग जिले के रानीतराई क्षेत्र में एक तेज रफ्तार टाटा एस ने स्कूटी सवार युवती को टक्कर मार दी. टक्कर से युवती दूर जा गिरी, जिससे उसके चेहरे और सिर में गहरी चोट आई. लोगों ने डायल 112 की मदद से घायल को पाटन अस्पताल ले लाया. जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. युवती की पहचान बरबसपुर गांव निवासी रंजना ठाकुर (22 साल) के रूप में हुई है. दुर्घटना के बाद रानीतराई पुलिस ने आरोपी वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया है. उससे पूछताछ की जा रही है.
जानकारी के अनुसार खर्रा से पाटन जाने वाले मार्ग में परतेली गुंडरा हायर सेकेंडरी स्कूल के पास एक अंधा मोड़ है. जहां पर एक टाटा एस वाहन ने स्कूटी को टक्कर मारी. यहां विपरीत दिशा से आने वाले वाहनों को यह नहीं पता चल पाता कि सामने से कौन सा वाहन कितनी स्पीड से आ रहा है. इस अंधे मोड़ के चलते ये दुर्घटना हुई है. लोगों का कहना है कि मोड़ को ठीक किया जाना चाहिए. यहां आए दिन एक न एक दुर्घटना होती रहती है.
