दुर्ग : दुर्ग जिले के रिसाली शहर में नामी डॉक्टर के बेटे ने नशे में कांग्रेस नेत्री सुभद्रा सिंह की कार को रफ ड्राइविंग करते हुए डिवाइडर पर चढ़ा दिया. घटना शनिवार सुबह की है. गाड़ी हवा में करीब 4-5 फीट तक उछली फिर गिरते हुए सड़क पर पलट गई. दुर्घटना के बाद मौजूद लोगों ने कार का विंड ग्लास तोड़कर घायल को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया.
जानकारी के मुताबिक शहर के न्यूरो सर्जन का बेटा नमन तिवारी कांग्रेस नेत्री सुभद्रा सिंह की कार को काफी तेजी से चला रहा था. प्रत्यक्ष दर्शियों के मुताबिक कार से वो डीपीएस की तरफ जा रहा था. जैसे ही वो आजाद मार्केट के पास पहुंचा कार डिवाइडर से टकरा कर पलट गई.
इस दौरान कार ने एक बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया. गनीमत यह रही की बाइक चालक बच गया. एयर बैग खुल जाने से चालक की जान बच गई. दुर्घटना के बाद मौजूद लोगों ने कार का विंडो ग्लास तोड़कर घायल को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया. लोगों ने तुरंत 112 में फोन करके पुलिस को बुलाया. जिससे नेवई पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने कार को जब्त कर जांच शुरू कर दी है.
