रायपुर- उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव से मिलने उनके रायपुर निवास आईं पंडरिया की बैगा आदिवासी महिलाओं ने उनकी रसोई में पहुंचकर कांग खीर बनाई. उप मुख्यमंत्री श्री सिंहदेव को इसका स्वाद इतना भाया कि उन्होंने इसे दोबारा खाने की इच्छा जताई और खीर बनाने वाली महिलाओं से आग्रह किया कि जब वे दौरे पर उनके गांव आएंगे तो उनके लिए फिर यही खीर बनाएं. पंडरिया विकासखंड के ग्राम झूमर, तिलगट्टा और छिन्दीडीह पहाड़ी क्षेत्र की बैगा आदिवासी महिलाएं रमली बाई, कलीबाई, धनिया बाई, रामबाई, सुकरतिन बाई और बैसखिया बाई कई लोगों के साथ श्री सिंहदेव से विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के लिए सोमवार को रायपुर आई थीं.
चर्चा के दौरान कांग खीर की बात निकलने पर श्री सिंहदेव ने बैगा महिलाओं से अपनी रसोई में ही इसे बनाने का आग्रह किया. उनके आग्रह पर इन महिलाओं ने रसोई में जाकर तुरंत खीर बनाई और श्री सिंहदेव तथा वहां मौजूद अन्य लोगों को इसका रसास्वाद कराया.
