PUBG खेलते समय नोएडा के सचिन के लिए पाकिस्तान से आई महिला सीमा हैदर की परेशानियां बढ़ने वाली हैं. इस मामले ने अब और ज्यादा तूल पकड़ लिया है. सवाल उठ रहे हैं कि कहीं सीमा हैदर पाकिस्तानी ISI एजेंट तो नहीं हैं. अब इस मामले की जांच यूपी ATS करेगी. पाकिस्तान से भारत आई सीमा हैदर और उसके प्रेमी सचिन की लव स्टोरी में एक नया मोड़ आ गया है. सीमा और सचिन के प्यार पर अब यूपी एटीएस ने पहरा बिठा दिया है.
यूपी एटीएस को शक है कि सीमा हैदर ISI की एजेंट हो सकती है. इसके अलावा यूपी एटीएस सीमा के भारत में प्रवेश वाले बिंदु की भी जांच करेगी. सूत्र बताते हैं कि यूपी एटीएस ने सीमा और सचिन के परिवार को किसी से भी न मिलने की हिदायत दी है, साथ ही एटीएस ने मीडिया से भी दूरी बनाने की बात कही है. माना जा रहा है कि यूपी एटीएस की जांच में सीमा हैदर को लेकर कई बड़े खुलासे हो सकते हैं. अगर ऐसा होता है तो सीमा और सचिन बुरी तरह से फंस सकते हैं.
दुबई से भारत आने तक किसने की सीमा की मदद?
यूपी एटीएस ने सीमा हैदर केस की जांच अपने हाथ में ले ली है. एटीएस अब सीमा हैदर के पाकिस्तान से दुबई और फिर नेपाल के रास्ते भारत आने के रूट को खंगालेगी. साथ ही एटीएस यह भी पता लगाएगी कि दुबई से भारत आने तक सीमा की मदद करने वालों में कौन-कौन लोग शामिल थे.
पाकिस्तान से भारत आने के दौरान सीमा ने किन नंबरों का उपयोग किया इसका भी यूपी एटीएस पता लगाए. इतना ही नहीं सीमा के प्रेमी सचिन का बैकग्राउंड भी यूपी एटीएस जांचेगी. सचिन सीमा से कब से संपर्क में था, दोनों के बीच क्या-क्या बातचीत होती थीं, किन-किन कंपनियों के इंटरनेट का इस्तेमाल करते थे? एटीएस इन सब मामलों को खंगालेगी.
पाकिस्तान से भारत आई सीमा हैदर को जान का खतरा सताने लगा है. दरअसल सीमा-सचिन लवस्टोरी सोशल मीडिया पर वायरल हुई तो पाकिस्तान के कट्टरपंथियों और अराजक तत्वों के निशाने पर आ गई. पिछले दिनों कई लोगों द्वारा दी गई धमकी को देखते हुए और खुफिया इनपुट के बाद रविवार से सीमा की सुरक्षा बढ़ा दी गई. पुलिस को सीमा के साथ किसी अनहोनी के बारे में खुफिया इनपुट प्राप्त हुआ है. इसको देखते हुए सुरक्षा के लिए दो-दो पुलिसकर्मी अलग-अलग शिफ्ट में रहेंगे. पुलिस अधिकारियों ने सीमा, सचिन और परिवार को मीडिया और आम लोगों से दूरी बनाने की सलाह दी है.
आपको बता दें कि जब ऐसा लगने लगा था कि सीमा हैदर की प्रेम कहानी का ‘हैप्पी दी एंड’ हो गया है तभी पाकिस्तान की तरफ से एक वीडियो सामने आ गया है. इस वीडियो में चेहरे छिपाकर बाकायदा हथियारों के साथ 6 लोग नजर आ रहे हैं. इन सभी को पाकिस्तानी बलूच डाकू बताया जा रहा है. यह डाकू बेहद भद्दी व गंदी भाषा में धमकी देते हुए नजर आ रहे हैं. वीडियो में डाकू बोल रहे हैं कि सीमा हैदर को वापस पाकिस्तान भेज दो, नहीं इसका अंजाम बहुत बुरा होगा. वीडियो में ढेर सारी घटिया बातें कही जा रही हैं. इस वीडियो के सामने सामने आने पर जब सीमा हैदर से उसके विषय में पूछा गया तो उसने बताया कि धमकी देने वाले उसके पूर्व पति के रिश्तेदार हैं. उसने एक बार फिर दोहराया कि वह अंतिम सांस तक अब भारत में ही रहेगी. किसी भी कीमत पर वह पाकिस्तान वापस नहीं जाएगी. उसने यह भी कहा कि वीडियो में दी जा रही धमकी को सुनकर वह डरी हुई है. उसे नहीं पता कि आगे क्या होने वाला है.
जानिए क्या है पूरा मामला
सीमा हैदर और गुलाम हैदर की शादी 2014 में हुई थी, उनके चार बच्चे है. 2019 में पबजी के जरिए सीमा हैदर की मुलाकात रबुपूरा के सचिन मीणा से हुई. 10 मार्च, 2023 में दोनों ने नेपाल जाकर मुलाकात की. सात दिन तक रुके और वहीं पर शादी कर ली. उसके बाद दोनों अपने देश वापस लौट गए. 13 मई, 2023 सीमा हैदर अपने चारों बच्चों के साथ नेपाल के रास्ते अवैध रूप से भारत आ गई.
बता दें कि पिछले कुछ दिनों से सीमा और सचिन को लेकर चर्चाएं जोरों पर हैं. सीमा और सचिन लव स्टोरी इन दिनों सोशल मीडिया पर पूरी तरह से छाई हुई है. कोई उनकी लव स्टोरी को सही बता रहा है तो कोई सीमा के भारत में अवैध तरीके से प्रवेश को लेकर सवाल उठा रहा है. इसी को लेकर नोएडा पुलिस ने एक लेटर लिखकर सीमा हैदर मामले की जांच के लिए स्पेशल एजेंसी से कार्रवाई की मांग की थी. नोएडा पुलिस का लेटर मिलने के बाद यूपी एटीएस सीमा मामले की जांच में पूरी तरह से जुट गई है.
