दुर्ग : दुर्ग जिले में एनीकट में डूबने से दो इंजीनियरिंग छात्रों की नहाते समय डूबने से मौत हो गई. उनके साथ गए दोस्तों ने मदद की पुकार लगाई. आसपास मौजूद लोगों ने गोताखोरों की मदद से दोनों छात्रों की तलाश शुरू की. करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद दोनों का शव बाहर निकाला गया, मृतकों का नाम हर्षित कुमार और सुनील साहू बताया जा रहा है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. मामला पुलगांव थाना के अंजोरा पुलिस चौकी क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को भिलाई के शांति नगर सुपेला निवासी हर्षित कुमार और महासमुंद निवासी सुनील साहू अपने बैच के अन्य दोस्तों के साथ महमरा एनीकट घूमने गए थे. इस बीच दोनों दोस्त एनीकट में नहाने के लिए उतर गए. इस दौरान दोनों अचानक पानी के तेज बहाव में आ गए और देखते ही देखते गायब हो गए. वहां मौजूद अन्य स्टूडेंट्स ने जब शोर मचाया तो स्थानीय गोताखोर की टीम मौके पर पहुंची. फिर करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद दोनों का शव बाहर निकाला गया.
बताया जा रहा है कि दोनों इंजीनियरिंग कालेज के छात्र थे. हर्षित फर्स्ट ईयर और सुनील सेकंड ईयर का छात्र था. दोनों के बीच काफी अच्छी दोस्ती थी. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची अंजोरा पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा करके जिला अस्पताल भेज दिया था. यहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. घटना के बाद से दोनों परिवार में मातम पसरा है.
