रायपुर : पूरे छत्तीसगढ़ में आने वाले एक से दो दिनों में मानसून के दस्तक देने की उम्मीद है. मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि शुक्रवार को प्रदेश भर में बादल छाए रहने के साथ ही कुछ क्षेत्रों में बिजली भी गिरेगी और भारी वर्षा की चेतावनी है. विशेषकर बस्तर क्षेत्र में भारी वर्षा की संभावना बनी हुई है. द्रोणिका के प्रभाव से गुरुवार को मौसम का मिजाज बदला और रायपुर सहित प्रदेश भर में बादल छाए रहे और ठंडी हवाओं ने अधिकतम तापमान में भी गिरावट ला दी. इसके साथ ही प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में वर्षा भी हुई.
मौसम विभाग के अनुसार मौसम का मिजाज अभी बदला ही रहेगा और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी. प्रदेश में अब अधिकतम तापमान में गिरावट का सिलसिला लगातार जारी रहेगा. आने वाले पांच दिनों में अधिकतम तापमान 3.5 डिग्री तक गिरेगा. अब प्रदेश भर में लगातार वर्षा के भी आसार बने हुए हैं.
बादल छाने व ठंडी हवाओं के चलते गुरुवार थोड़ा राहत वाला रहा और अधिकतम व न्यूनतम तापमान में भी गिरावट रही. रायपुर का अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा रहा. हालांकि बुधवार की अपेक्षा अधिकतम तापमान काफी ज्यादा गिरा है.
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण पश्चिम बंगाल की खाड़ी, उससे लगे उत्तर प्रदेश बंगाल की खाड़ी-तटीय आंध्रप्रदेश के उत्तरी भाग व दक्षिणी तटीय ओडिशा के ऊपर 5.8 किमी ऊंचाई तक है. इसके प्रभाव से ही शुक्रवार को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में बिजली गिरने के साथ ही भारी वर्षा भी हो सकती है.
