जशपुर सन्ना मार्ग में स्थित करदना घाटी में भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गयी. हादसा उस वक्त हुआ, जब तेज रफ्तार ऑटो पलटकर खाई में जा गिरी. घटना सोनक्यारी चौकी की बतायी जा रही है, जहां करदना घाट पर एक ऑटो अनियंत्रित होकर खाई में गिर गयी. इस घटना में दो ग्रामीण घायल हुए हैं. घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है. उन्हें बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है.
जानकारी के मुताबिक आटो चालक सवारी लेकर सोनक्यारी से करदना की ओर जा रहा था. करदना घाट में तेज गति होने से आटो,चालक बुधराम राम के नियंत्रण से बाहर हो गया. लहराते हुए आटो करदना घाट के गहरे खाई में गिर गया. आसपास से गुजर रहे लोगों ने घटना की सूचना सोनक्यारी चौकी में दी. घटना स्थल पर पहुंची पुलिस टीम ने मशक्कत के बाद खाई में गिरे हुए ग्रामीणों को बाहर निकाल कर, प्राथमिक उपचार केन्द्र पहुंचाया. यहां परीक्षण के बाद आटो चालक बुधराम और उसकी पत्नी फूलमति की घटना स्थल पर ही मौत हो गई. आटो में सवार 5 घायलों में से बृहस्पति बाई और सेवंती ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. गंभीर रूप से घायल निर्मल तिग्गा (47 वर्ष) और दिलेश्वर राम (8 वर्ष) की गंभीर स्थिति को देखते हुए अंबिकापुर रेफर किया गया है.
