रायपुर : देश के कई राज्यों में मौसम में तेजी से परिवर्तन देखने को मिल रहा है. गर्मी के मौसम में कई राज्यों में बारिश जैसा माहौल बना हुआ है. बीते कई दिनों से कई राज्यों में बरसात हो रही है. इस बीच मौसम विभाग ने मानसून के आगमन को लेकर बड़ी जानकारी दी हैं. मौसम विभाग की मानें तो देश के अधिकतर राज्यों में 15 जून तक मानसून की दस्तक हो जाएगी. बता दें कि 9 साल में पहली बार ऐसा देखने को मिला है कि मई के महीने में लू नहीं चली और तापमान में गिरावट आई है.
मौसम विभाग ने मानसून की गति को देखते हुए अनुमान लगाया गया है कि 1 जून को केरल और तमिलनाडु में 5 जून तक कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और पूर्वोत्तर में मानसूनी बारिश शुरू हो जाएगी. 10 जून तक मानसून महाराष्ट्र व तेलंगाना तक पहुंच जाएगा. 15 जून से गुजरात, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, बंगाल, बिहार और उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मानसूनी बारिश होने लगेगी. 20 जून से राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल व जम्मू-कश्मीर तक बारिश होगी.
