कांकेर : कांकेर के फूड इंस्पेक्टर और उनका महंगा मोबाइल इन दिनों सुर्खियों में है. सेल्फी के चक्कर में फूड इंस्पेक्टर का मोबाइल खेरकेट्टा जलाशय में गिर गया था. मोबाइल के लिए खेरकेट्टा जलाशय से लाखों लीटर पानी बहाने का निर्देश देने वाले कोयलीबेड़ा के फूड इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया गया. इस बीच गोताखोर, जिन्होंने मोबाइल निकाला था, उन्हें इनाम का पैसा न मिलने से वो नाराज हैं. अब वे इनाम के राशि की मांग कर रहे हैं.
बता दें कि ये पूरा वाकया 21 मई का है. पखांजूर में पदस्थ फूड इंस्पेक्टर राजेश विश्वास अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने परलकोट जलाशय गए थे. इसी दौरान मोबाइल रील बनाते वक्त वेस्ट वेयर के पास टैंक में उनका महंगा फोन गिर गया. मोबाइल को तलाश करने वाला गोताखोर का बयान अब सामने आया है. उसने कहा है कि, मोबाइल ढूंढने पर साहब ने 20 हजार रुपये का इनाम रखा था. उसे मोबाइल तलाश कर लाने पर एक रुपये भी नहीं मिले. उसने अपने इनाम के रुपये दिलाने की मांग की है. मोबाइल के लिए फूड इंस्पेक्टर ने 21 लाख लीटर पानी बर्बाद करा दिया था. इसके बाद उसे निलंबित कर दिया गया है.
