मध्यप्रदेश के अशोकनगर से एक ऐसी घटना सामने आ रही है जिसमें एक लड़की ने कहा कि मैं अनाथ हूं, ये सुन कर एक युवक भावुक हो गया और उसी दिन शादी करने का मन बना लिया. लेकिन उसे यह नहीं पता था कि वह धोखा देकर भाग जाएगी. उसने युवक का मोबाइल भी नहीं छोड़ा.
दसअसल अशोकनगर जिला मुख्यालय से 28 किलोमीटर दूर सेमरा हाट गांव में रहने वाले 39 साल के अनिल भार्गव ने एक लड़की से शादी की शादी के दो दिन बाद ही उसकी दुल्हन रुपए और गहने लेकर फरार हो गई. उसने रात के खाने में नशीली दवा मिला दी, जिसे खाने के बाद ससुराल वाले गहरी नींद में सो गए. सुबह जब सभी की नींद खुली तो बहू घर में नहीं थी. घर से गहने भी गायब थे. चार दिन तक उसे ढूंढने के बाद पीड़ित पति ने शुक्रवार शाम पुलिस थाने जाकर आवेदन दिया.
अविवाहित अनिल भार्गव को उसके परिचित गुना निवासी कमलेश कोरी ने रिश्ता बताया. अनिल 16 अप्रैल को जब लड़की से पहली बार मिला, तो वो पहली ही नजर में उसे पसंद आ गई. उसी शाम को मंदिर जाकर उसने लड़की से शादी कर ली. लड़की ने दो दिन तक ससुरालवालों की खूब सेवा की. फिर 19 अप्रैल की रात मौका वो देखकर फरार हो गई.
पीड़ित ने बताया कि 39 साल की उम्र होने के बाद भी शादी नहीं होने के चलते मैं और मेरे परिवारवाले काफी परेशान थे. 16 अप्रैल को मेरे पास कमलेश का फोन आया. उसे मैं पहले से जानता हूं. उसने आरती साहू (33) के बारे में बताया और कहा कि एक बार मिल लो. कमलेश ने बताया कि आरती अशोकनगर में रहती है. मैं उसी दिन आरती से मिला. उसने बताया कि वह ओडिशा की रहने वाली है. मुझे वो पसंद आ गई. उसने भी शादी के लिए हां कर दी. आरती ने मुझे बताया कि वह अनाथ है तो मैं भावुक हो गया. उसने मुझे आधार कार्ड भी दिया. मैंने उससे कहा कि अभी कोर्ट चलकर शादी कर लेते हैं. उसने कहा कि हम कोर्ट की जगह मंदिर में शादी कर लेंगे. शाम को हम मंदिर पहुंचे और शादी कर ली. गांव में ससुरालवालों ने आरती का स्वागत किया और गृह प्रवेश कराया.
अनिल ने बताया कि शादी के बाद दो दिन तक आरती ने सभी की खूब सेवा की. 18 अप्रैल की शाम को भी उसने खाना बनाया और सभी को खुद परोसा. सुबह करीब 10 बजे मां की नींद खुली तो दुल्हन कहीं नजर नहीं आई. आस पड़ोस में पूछताछ की, लेकिन कुछ पता नहीं चला. मां ने मुझे उठाया. मां ने कमरे की तलाशी ली तो अलमारी खुली मिली. उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर और 2 लाख रुपए नकद गायब थे. इस मामले में कचनार थाना प्रभारी नीतू अहिरवार का कहना है कि युवक की तरफ से आवेदन आया है. FIR दर्ज नहीं की है. जांच कर रहे हैं.
