अंबिकापुर : सीतापुर थानाक्षेत्र के ग्राम लिचिरमा में लॉटरी की लालच में फंसकर आनलाइन फ्राड की शिकार हुई महिला ने शुक्रवार को पुल से नीचे कूदकर जान दे दी. महिला को आनलाइन ठगों ने 25 लाख रुपये की लॉटरी फंसने का झांसा दिया था. प्रोसेसिंग फीस के नाम पर मांगी गई रकम महिला ने स्वयं की जमापूंजी व अन्य परिचितों से उधार लेकर ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिया. हजारों रुपये गंवाने के बाद भी जब लाटरी की राशि नहीं मिली और देनदारों ने पैसे वापस करने का दबाव बनाया तो महिला पुल से नीचे कूद गई.
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम लिचिरमा निवासी सेवबती पैंकरा पति स्व. मानिकचंद 45 वर्ष के मोबाइल में कुछ दिनों पूर्व अज्ञात युवक ने फोन कर 25 लाख रुपये की लॉटरी लगने का झांसा दिया था. महिला जब उसके झांसे में आ गई तो उसने प्रोसेसिंग फीस के रूप में कुछ राशि जमा कराने के लिए कहा. महिला ने कुछ पैसे डाले तो युवक ने बार-बार फोन कर पैसे भेजने को कहा. अंतिम बार उसने 23 मार्च को 15 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए थे. 23 मार्च को उसके पास फोन आया कि 15 हजार रुपये डालते ही आपके खाते में 25 लाख ट्रांसफर कर दिए जाएंगे. महिला अपनी बहू शिवकुमारी के साथ ग्रामीण बैंक सीतापुर पहुंची और 15 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिया.
कई बार राशि जमा करने के बाद भी उसके खाते में लॉटरी के रूपये नहीं आए तो महिला दोपहर को ग्राम लिचिरमा व राजापुर के बीच स्थित मांड़ नदी पुल पर पहुंची और सूखी नदी में पत्थरों के बीच कूद गई. करीब 50 फीट नीचे गिरने से उसकी मौके पर मौत हो गई.
सीतापुर एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि महिला के पास लॉटरी लगने के नाम पर फोन आया था. लॉटरी के पैसे पाने के चक्कर में महिला ने अपनी जमा पूंजी सहित लोगों से कर्ज लेकर रुपए ठगों के खाते में रुपये डाल दिए थे. जब उसे लॉटरी के 25 लाख नहीं मिले तो उसने आत्महत्या कर ली. अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है. पता किया जा रहा है कि किन खातों में राशि ट्रांसफर की गई है .
