रायपुर : नगर निगम की मेयर इन काउंसिल (एमआइसी) की बैठक सोमवार को मुख्यालय भवन महात्मा गांधी सदन के तृतीय तल पर स्थित सभाकक्ष में होगी. महापौर एजाज ढेबर के आदेशानुसार बैठक दोपहर 2 बजे से शुरू होगी. बैठक में डाग शेल्टर होम को लेकर चर्चा होने की उम्मीद है. एमआइसी सदस्यों का कहना है कि डाग शेल्टर होम, सिटी बसें, निगम के बजट आदि पर चर्चा होगी.
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ समेत राजधानी का पहला डाग शेल्टर होम शुरू करने की कवायद में निगम जुटा हुआ है. निगम की ओर से दो चरणों में करीब डेढ़ करोड़ रुपए खर्च करने की तैयारी है. शुरुआत में 48 लाख रुपए से बाउंड्री और शेड इत्यादि बनाकर शेल्टर होम शुरू करने की तैयारी है.
इसके बाद यहां पर वेटनरी अस्पताल और अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी. शुरुआत करीब 500 कुत्तों से की जाएगी. जरूरी संसाधन विकसित होने के बाद यहां कुत्तों की संख्या बढ़ाई जाएगी. शहर में 10 हजार से ज्यादा कुत्ते हैं, जिनमें कुछ आक्रामक और बीमार किस्म के हैं.
इनकी वजह से ही शहर में आए दिन डाग बाइट्स की घटनाएं होती रहती हैं. अब तक निगम ने कुत्तों पर नियंत्रण के लिए नसबंदी और उन्हें पकड़कर शहर से बाहर भेजने सहित कई प्लान बनाए, लेकिन सभी फेल रहे. सारे प्लान फेल होने के बाद निगम ने कुछ एनजीओ के साथ मिलकर शहर में बीमार, आक्रामक कुत्तों को चुनकर उनका इलाज कराने और देखभाल करने की योजना बनाई है.
