जशपुर : जशपुर जिले में कुनकुरी से लगे मयाली में बुधवार शाम पत्थर खदान में हेवी ब्लास्टिंग से पार्क में घूमने गई किशोरी चपेट में आ गई और उसकी मौके पर मौत हो गई. पत्थर खदान से उड़कर आए पत्थर से किशोरी के सिर के परखच्चे उड़ गए. मृत किशोरी कक्षा 12वीं की छात्रा थी. जहां यह घटना हुई, उस पार्क का शुभारंभ 13 फरवरी को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किया था. जशपुर कलेक्टर ने मामले में संबंधितों पर FIR दर्ज करने का आदेश दे दिया है. उधर, इस मामले को सीएम बघेल ने गंभीरता से लेते हुए ठोस कार्रवाई के आदेश दिए हैं.
मिली जानकारी के अनुसार कुनकुरी के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मयाली में पार्क के पास स्थित एक पत्थर खदान में बुधवार शाम हेवी ब्लास्टिंग की गई. हेवी ब्लास्टिंग के कारण एक बड़ा पत्थर मयाली पार्क में घूमने आई किशोरी केश्वरी बाई के सिर में जा लगा. पत्थर लगने से किशोरी के सिर के परखच्चे उड़ गए और उसकी मौके पर मौत हो गई. मृत किशोरी खटांगा गांव की निवासी थी और हायर सेकेंडरी स्कूल चरईडांड में 12 वीं की छात्रा थी. मयाली धार्मिक स्थल भी है. यहां स्कूल भी हैं, फिर भी चार पत्थर खदानों की स्वीकृति कैसे दी गई, इसका लोग पूर्व से विरोध भी करते रहे हैं.
कलेक्टर रवि मित्तल ने कहा कि प्रभावित परिवार को जिला प्रशासन हर संभव सहायता करेगा. प्रभावित परिवार के परिजनों को 10 लाख मुआवजा दी जाएगी. कलेक्टर ने खदान को सील करने के सख्त निर्देश दिए हैं. खदान में हुई ब्लास्टिंग को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गंभीरता से लिया है. उन्होंने जशपुर कलेक्टर को क्रशर मालिक के खिलाफ अपराध दर्ज करने के साथ ही कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
